किल कोरोना अभियान के तहत शासन के निर्देशानुसार करें कार्यवाही – कलेक्टर
( हरदा )
किल कोरोना अभियान एवं सार्थक एप की समीक्षा बैठक हुई आयोजित
कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में किल कोरोना अभियान एवं सार्थक एप की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा द्वारा कोविड-19 हेतु बनाए गये सार्थक एप में ब्लाक स्तर से सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी हंडिया, टिमरनी एवं खिरकिया द्वारा एप में एन्ट्री न होने पर नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होने सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को सार्थक एप में शतप्रतिशत एन्ट्री करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि प्रतिदिन सार्थक एप की समीक्षा की जाएगी। एप में पूर्ण एन्ट्री नहीं होने पर संबंधित खण्ड चिकित्सा अधिकारी पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। उन्होने जिला कार्यक्रम प्रबन्धक श्री महेश साहू को कोरोना की जानकारी प्रतिदिन उपलब्ध न कराने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कोविड-19 की जानकारी प्रतिदिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि स्पेशल फीवर स्क्रीनिंग कैम्पेन ‘‘किल कोरोना’’ हेतु फीवर सर्विलेन्स जिले के समस्त ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में प्रत्येक घर की स्क्रीनिंग की जाना है। यह अभियान 1 जुलाई से 15 जुलाई तक जिले के समस्त ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में चलाया जावेगा। इस अभियान का स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रस्तुतीकरण किया गया। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार अभियान के अंतर्गत समस्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में स्पेशल फीवर स्क्रीनिंग कैम्पेन ‘‘किल कोरोना’’ हेतु फीवर सर्विलेन्स कार्य हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को राजस्व विभाग, पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वय कर चिन्हित क्षेत्र में सर्विलेन्स कार्य हेतु स्वास्थ्य कार्यकर्ताओ, आशा/ए.एन.एम./एम.पी.डब्ल्यु/आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नामजद ड्यूटी लगाकर कार्य योजना तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। कार्ययोजना में ग्राम का नाम टीम के भ्रमण का दिनांक सुपरवाईजर का नाम, टीम के सदस्यों की जानकारी भी स्पष्ट दर्ज करने के निर्देश दिये। सर्विलेंस मानिटरिंग हेतु राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग, स्वास्थ्य विभाग पूर्ण रूप से सुपरविजन करेंगे।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिलीप कुमार यादव, अपर कलेक्टर श्रीमती प्रियंका गोयल, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जिला हरदा, समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जिला हरदा, समस्त तहसीलदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किशोर कुमार नागवंशी, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, जिला सर्विलेंस अधिकारी हरदा, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक एन.एच.एम. हरदा, जिला मूल्यांकन एवं अनुश्रवण अधिकारी एन.एच.एम. हरदा उपस्थित रहे।
