कलेक्टर ने किया किल कोरोना अभियान के सर्वे का निरीक्षण
सर्वेटीम से ली जानकारी, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
कटनी – कोरोना संक्रमण की रोकथाम और उन्मूलन के लिये एक जुलाई से प्रारंभ प्रदेशव्यापी किल कोरोना अभियान के दूसरे दिन कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कटनी माधवनगर क्षेत्र का भ्रमण कर बंगला लाईन में सर्वे दलों द्वारा की जा रही कार्यवाहियों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होने सर्वेदलों से अब तक की गई कार्यवाहियों के बारे में जानकारी ली और गलियों में घूमकर घर-घर जाकर तस्दीक भी दी। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम, जिला आयुष अधिकारी डॉ0 आर0के0 सिंह सहित पैरामेडिकल स्टाफ भी उपस्थित था।
कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले जिले के कोविड रिस्पॉन्स सेन्टर के रुप में चिन्हित नर्सिंग होम पहुंचकर मेडिकल मोबाईल यूनिट और सैम्पलिंग सेन्टर का निरीक्षण किया। इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह माधवनगर क्षेत्र के बंगला लाईन स्थित अनुसूचित जाति बस्ती पहुंचे। कलेक्टर श्री सिंह ने इस दौरान क्षेत्र में सर्वे कर रहे सर्वेदल के सदस्यों एएनएम के0 एब्राहम और सुपरवाईजर सुदेश कोल से अब तक किये गये सर्वे कार्य की जानकारी ली। सर्वे दल ने बताया कि अब तक 48 घरों का सर्वे कर सभी परिवार के सदस्यों का हैल्थ चैकअप किया गया है। मेलरिया, डेंगू, संक्रमण के लक्षणों वाले कोई मरीज नहीं मिले हैं। सभी परिवार के सदस्यों का ऑक्सीजन लेवल और टेम्परेचर लिया जाकर उन्हें इम्युनिटी बूस्टर के लिये संशमनी वटी आयुष औषधि और विटामिन बी सप्लीमेन्ट दिये गये हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने बंगला लाईन और अनुसूचित जाति बस्ती की गलियों का भ्रमण कर सर्वे हो चुके घरों में जाकर तस्दीक की और लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी भी दी। बस्ती के निवासी दिलीप धारक और रजनी बाई के घर जाकर कलेक्टर ने सर्वे दलों द्वारा किये गये कार्यों और उन्हें दी गई आयुष औषधियों एवं विटामिन्स की डोज का भी अवलोकन किया। परिवार के मुखिया दिलीप धारक ने बताया कि उनके परिवार के सभी 5 सदस्यों की हैल्थ जांच की गई है और औषधियां भी दी गई हैं। दूसरे परिवार की मुखिया रजनी बाई ने बताया कि पूर्व में यह क्षेत्र कन्टेनमेन्ट क्षेत्र भी घोषित रहा है। एक बार क्षेत्र का हेल्थ सर्वेलान्स सर्वे और आयुष औषधियों का वितरण पूर्व में भी हो चुका है।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के सभी सर्वे दलों को पूरी गंभीरता के साथ किल कोरोना अभियान के तहत सर्वे कार्य करने के निर्देश दिये हैं। उन्होने कहा कि सुनिश्चित करें कि एक भी व्यक्ति सर्वे से छूटना नहीं चाहिये। सर्वे दलों को इम्युनिटी बूस्टर की औषधियां, आयुष वटी और विटामिन्स की पर्याप्त मात्रा भी उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने बंगला लाईन क्षेत्र में सर्वे के दौरान उपस्थित एमएमयू टीम के डॉक्टरों से भी पूछताछ की। उन्होने इस दौरान बंगला लाईन अनुसूचित जाति बस्ती क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिये हैं। किल कोरोना अभियान के तहत जिले में गठित 225 सर्वे दलों द्वारा अपने अपने क्षेत्र में प्रत्येक घर के परिवार के सभी सदस्यों का हैल्थ सर्विलान्स सर्वे कर स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
किल कोरोना अभियान – पहले दिन हुआ 22 हजार 533 घरों का सर्वे
राज्य शासन द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण को जड़मूल से नष्ट करने संचालित प्रदेश व्यापी किल कोरोना अभियान के तहत कटनी जिले में प्रथम दिवस 1 जुलाई को 225 सर्वे दलों द्वारा 22 हजार 533 घरों का सर्वे कर एक लाख 9 हजार 630 परिवार सदस्यों (व्यक्तियों) का सर्विलान्स हेल्थ सर्वे किया गया है।
कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशन में संचालित किल कोरोना अभियान के तहत प्रथम दिवस सर्वे के दौरान सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी के 143 व्यक्ति पाये गये हैं। जबकि 5139 व्यक्तियों द्वारा आरोग्य सेतु एप का उपयोग मोबाईल पर किया जा रहा है। सर्वे के दौरान 372 व्यक्तियों की मलेरिया आरडीटी किट से बुखार जांच की गई है। डेंगू बुखार का कोई मरीज नहीं मिला है। टीबी के संभावित 28 और कुष्ठ के 3, डायरिया के 120 मरीज पाये गये हैं। इस दौरान 2492 ओआरएस पैकेट, 577 जिंक के पैकेट तथा इम्युनिटी बूस्टर आयुष औषधियों और काढ़ा के पैकेट भी बांटे गये हैं। बड़वारा विकासखण्ड में 1924 घरों का सर्वेक्षण कर 10349 सदस्यों, बरही में 1579 घरों के 8726, बहोरीबंद के 3010 घरों का सर्वेक्षण कर 14005, ढीमरखेड़ा में 3662 घरों के 16840 सदस्यों, कन्हवारा के 4335 घरों के 20790, कटनी शहर के 1904 घरों के 8181, रीठी ब्लॉक के 2163 घरों के 10380 और विजयराघवगढ़ के 3956 घरों के 20 हजार 352 परिवार सदस्यों का सर्विलान्स हेल्थ चैकअप किया गया है।

