गुरु पूर्णिमा 5 जुलाई को भैरू टेकरी पर लगने वाला मेला निरस्त
( शाजापुर )
कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन अनुसार जुलूस, जलसे, समारोह, मेले आदि जहां भी भीड़ इकट्ठी होती है, ऐसे आयोजन नही करने के संबंध में निर्देश है। इसे देखते हुए कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने भैरू टेकरी ग्राम गिरवर बोर्डी, बायपास शाजापुर के समीप गुरु पूर्णिमा पर्व 05 जुलाई को भेरू महाराज का मेला निरस्त किया है।
उल्लेखनीय है कि विगत 29 जून 2020 को संपन्न हुई शांति समिति की बैठक में भी हिन्दू उत्सव समिति एवं जागृति मंच एवं भैरू टेकरी विकास समिति शाजापुर के सदस्यों तथा नगर पालिका, पुलिस प्रशासन, अन्य गणमान्य व्यक्तियों की ओर से यह प्रस्ताव रखा गया था कि कोरोना वायरस कोविड-19 का संक्रमण, नगर शाजापुर एवं आसपास के ग्रामों में फैलता जा रहा है, इसको ध्यान में रखते हुए भैरू महाराज मेला स्थल पर भीड़ इकट्ठी न होने दी जावे तथा 05 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर भैरू टेकरी पर लगने वाला मेला स्थगित किया जाए।
