आत्म निर्भर पीएम स्वनिधि के प्रकरणों में सत्यापन की कार्यवाही एक सप्ताह में पूरी करें

समय सीमा प्रकरणों की बैठक में दिये कलेक्टर ने निर्देश

कटनी  कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने नगरीय निकायों में लागू प्रधानमंत्री आत्म निर्भर (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत पंजीकृत पथ विक्रेताओं के आवेदनों के सत्यापन का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिये हैं। सोमवार को समय सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने रोजगार सेतु पोर्टल पर प्रवासी मजदूरों के नियोजन सहित सीएम हेल्पलाईन, समय बाह्य प्रकरण, कोरोना नियंत्रण के लिये संचालित किल कोरोना अभियान सहित समसामयिक बिन्दुओं पर समीक्षा की। इस मौके पर अपर कलेक्टर साकेत मालवीय, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, परियोजना अधिकारी डूडा अभय मिश्रा, सहायक श्रम पदाधिकारी एम0के0 गौतम सहित जिला विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

            कलेक्टर श्री सिंह ने कोरोना वायरस संक्रमण को जड़मूल से नष्ट करने प्रदेशव्यापी अभियान किल कोरोना के तहत 15 जुलाई तक हैल्थ सर्विलान्स सर्वे का कार्य पूरी गंभीरता से करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि सुनिश्चित करें कि कोई भी घर अथवा परिवार सर्वे से वंचित नहीं रहना चाहिये। उन्होने सभी अधिकारियों को सचेत किया कि कोरोना का संकट अभी बिलकुल भी खत्म नहीं हुआ है। क्रिटिकल समय में अपने दिनचर्या और व्यवहार में परिवर्तन लायें। सुरक्षा और सतर्कता से कार्य करते हुये अपने मुख्यालय पर ही निवास करें। सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुये कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व विभाग के राजस्व विभाग की सीमांकन संबंधी की जाने वाली कार्यवाहियों को करते हुये आरसीएमएस के राजस्व प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि सुनिश्चित करें कि सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों में सप्ताह में प्राप्त नये प्रकरणों की तुलना में अधिक संख्या में प्रकरणों का निराकरण हो।

            कलेक्टर ने उत्तरा सॉफ्टवेयर पर दर्ज सभी 84 समय सीमा प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुये कहा कि समय सीमा प्रकरणों में कोई भी प्रकरण अप्रारंभ की स्थिति में नहीं रहना चाहिये। समीक्षा में 20 प्रकरण अप्रारंभ पाये जाने पर तत्काल कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सभी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों की सतत् जांच करने हेतु दल गठित किये जायें। मत्स्य विभाग की समीक्षा में मत्स्य क्षेत्र विस्तार और उत्पादकता में वृद्धि लाने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर श्री सिंह ने हाईस्कूल परीक्षा के परिणामों की जानकारी लेते हुये जिले के परिणामों पर असंतोष व्यक्त किया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में स्मार्ट क्लास और कम्प्यूटर संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद जिले का परिणाम सुधार नहीं हुआ है। उन्होने जिला शिक्षा अधिकारी को अभी से कार्ययोजना तैयार कर आगामी रिजल्ट सुधार के प्रयास करने के निर्देश दिये।

            प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर (पीएम स्वनिधि) योजना में पंजीकृत पथ विक्रेताओं को पूंजीकृत ऋण उपलब्ध कराने सत्यापन की कार्यवाही एक सप्ताह में पूरी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी अभय मिश्रा ने बताया कि जिले में योजना अन्तर्गत 6 हजार 634 का लक्ष्य मिला है। नगर निगम कटनी, नगर पंचायत कैमोर, विजयराघवगढ़, बरही सहित नगरीय निकायों में कुल 14 हजार 449 आवेदन पथ विक्रेताओं के पंजीकृत हुये हैं। जिनमें से 5 हजार 596 पथ विक्रेताओं का सत्यापन पूर्ण कर 580 प्रकरण बैंकों को प्रेषित किये गये हैं। बैंकों द्वारा 248 प्रकरणों में पूंजीऋण स्वीकृत कर 25 प्रकरणों में ऋण वितरण कर दिया गया है। इनमें कटनी नगर निगम के 199 प्रकरण शामिल हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें