रोजगार सेतु पोर्टल से नियोजन में कटनी जिला अव्वल
कटनी – प्रवासी मजदूरों को उनके हुनर के अनुसार मैपिंग कर उन्हें रोजगार में नियोजित करने राज्य शासन द्वारा रोजगार सेतु पोर्टल विकसित किया गया है। रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से प्रवासी मजदूरों को रोजगार में नियोजित करने के कार्य में कटनी जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर चल रहा है। यह जानकारी कलेक्टर शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को सम्पन्न समय सीमा प्रकरणों की बैठक में दी गई। समीक्षा के दौरान सहायक श्रम पदाधिकारी एम0के0 गौतम ने बताया कि जिले में रोजगार सेतु पोर्टल पर लक्षित 16 हजार 491 प्रवासी मजदूरों की हुनर के अनुसार मैपिंग कर 16 हजार 319 प्रवासी मजदूर पंजीकृत किये गये हैं। रोजगार सेतु पर अब तक 473 नियोक्ताओं ने अपना पंजीयन कराया है। जिनमें 5 वृहद् उद्योग, 48 सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम, 88 ठेकेदार, 3 बिल्डर्स, 23 रिप्लेसमेन्ट एजेन्सी, 13 अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान, 4 लेबर कॉन्ट्रेक्टर, 268 ग्राम पंचायत तथा 11 अन्य नियोजक शामिल हैं।
रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से 2 हजार 131 प्रवासी श्रमिकों को उनके हुनर के अनुसार नियोजित कर कटनी जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। इनमें 103 प्रवासी मजदूरों को ठेकेदार, 138 को प्लेसमेन्ट एजेन्सी, 10 को बिल्डर्स और 1797 प्रवासी मजदूरों को ग्राम पंचायत के माध्यम से रोजगार में नियोजित किया गया है। इसी प्रकार मनरेगा में ग्राम पंचायतों द्वारा 6893 प्रवासी मजदूरों को नियोजित किया गया है। जिनमें 8 हजार 881 जॉबकार्ड धारी श्रमिक थे तथा 2249 मजदूरों को नये जॉबकार्ड बनाये गये हैं

