जिला प्रवीण्य सूची के छात्रों का होगा सम्मान

कटनी  माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित हाई स्कूल कक्षा 10वीं में जिले की प्रवीण्य सूची में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान 8 जुलाई को कलेक्टर शशिभूषण सिंह करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी बी0बी0 दुबे ने बताया कि जिले की प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 6 विद्यार्थियों को संबंधित विद्यालय के शिक्षक के साथ शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिये गये हैं। जिलास्तरीय प्रवीण्य सूची में प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्र शासकीय आर0के0 गौतम उमावि मुड़वारी के प्रकाश कुमार बढ़ई, सरस्वती उमावि कटनी की अनुराधा सिंह, किड्स केयर उमावि कटनी की देवांशी मिश्रा, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले शासकीय हाई स्कूल बड़खेरा ढीमरखेड़ा की बुशरा नुशीत और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले जे0पी0 मेमोरियल उमावि बहोरीबंद के विक्रम सिंह लोधी और सावित्री विद्यापीठ हाई स्कूल कुठला की कृतिका गोलाटी को सम्मानित किया जायेगा।

उचित मूल्य की दुकानों द्वारा किये गये खाद्यान्न वितरण का होगा सत्यापन

कटनी  सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत मार्च, अप्रैल एवं मई माह में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, कोविड के तहत गरीब एवं जरुरतमंद परिवारों को वितरित किये गये खाद्यान्न के कार्य का सत्यापन करने के आदेश कलेक्टर शशिभूषण सिंह द्वारा जारी किये गये हैं। जिसके तहत विभिन्न योजना के अन्तर्गत उचित मूल्य दुकानदानदारों द्वारा सही वितरण किया गया है, इसका सत्यापन अभिलेखों के आधार पर एवं सतर्कता समिति के सदस्यों एवं उपभोक्ताओं से जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रारुप में 7 दिवस में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं। इस कार्य के लिये कलेक्टर श्री सिंह ने विकासखण्डवार अधिकारियों को नियुक्त करते हुये दायित्व सौंपा है।

            इस संबंध में कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जारी आदेश के तहत विजयराघवगढ़ विकासखण्ड अन्तर्गत कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राजधर साकेत को उचित मूल्य दुकानों का आवंटन कर सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नायब तहसीलदार जितेन्द्र पटेल तथा वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक के0डी0 सिंह दुकानों के संबंधित दुकानों में सत्यापन का कार्य करेंगे।

            कटनी नगर के लिये कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी जितेन्द्र बर्मन को आदर्श महिला, शिवाजी, अम्बेडकर, मां शारदा महिला व मां शक्ति दुकानों के सत्यापन कार्य का जिम्मा सौंपा गया है। रीठी विकासखण्ड में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वंदना जैन, नायब तहसीलदार ऋषि गौतम तथा नायब तहसीलदार प्रियंका नेताम की ड्यूटी लगाते हुये उन्हें सत्यापन कार्य के लिये दुकानों का आवंटन किया गया है। बड़वारा विकासखण्ड अन्तर्गत कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी संतोष नंदनवार, नायब तहसीलदार बड़वारा मोती राम परते, सहायक आपूर्ति अधिकारी रविकांत ठाकुर, नायब तहसीलदार बरही चन्द्रपाल इनवाती को जिम्मेदारी दी गई है। बहोरीबंद विकासखण्ड में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रमोद कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार निधि तिवारी, सहकारिता निरीक्षक शैलेष सिंह, नायब तहसीलदार राजीव मिश्रा को दुकानें आवंटित कर सत्यापन कार्य के लिये अधिकृत किया गया है।

            कटनी ग्रामीण अन्तर्गत कष्ठि आपूर्ति अधिकारी रविन्द्र पटैल, सहाकरिता निरीक्षक बेबी नैना मेहरा व नायब तहसीलदार रविन्द्र पटैल और ढीमरखेड़ा विकासखण्ड अन्तर्गत नायब तहसीलदार सुनीता मिश्रा, सहकारिता निरीक्षक एस0के0 जैन, सहायक आपूर्ति अधिकारी के0एस0 भदौरिया उन्हें आवंटित की गई उचित मूल्य की दुकानों में सत्यापन कार्य कर निर्धारित प्रारुप में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक 11 जुलाई को

कटनी  राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन 11 जुलाई को होगा। यह बैठक में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11.30 बजे से आयोजित होगी। कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने इस बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे नियमित एजेण्डा एवं अतिरिक्त एजेण्डा की सम्पूर्ण जानकारी मासिक पत्रक एवं आरएमएस पत्रक सहित आयोजित बैठक में निर्धारित बिन्दुओं पर अपने कार्यालय, अनुभाग तथा तहसीलों की जानकारी लेकर अनिवार्य रुप से उपस्थित रहें।

ग्राम जुहली में बर्मल मोहल्ला क्षेत्र कन्टेनमेन्ट जोन घोषित

कटनी  कटनी जिले के विकासखण्ड कटनी अन्तर्गत ग्राम जुहली में बर्मन मोहल्ला, तालाब गली में एक कोरोना संक्रमित के पाये जानें पर संबंधित क्षेत्र में संक्रमित व्यक्ति मकान सहित 5 मकानों को कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने प्रोटोकाल के तहत कन्टेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। इस क्षेत्र में अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य समस्त गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।

म.प्र. पब्लिक हैल्थ एक्ट 1949 के सेक्शन 71(2) के प्रावधानों के अनुसार कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शशि भूषण सिंह नें कटनी जनपद पंचायत क्षेत्र ग्राम पंचायत जुहली में बर्मन मोहल्ला, तालाब गली, सरपंच के घर के पास में संक्रमित भवन के साथ लगे कुल 5 मकानों को कन्टेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। कन्टेनमेंट क्षेत्र में एस.डी.एम बलवीर रमन इंसीडेंट कमांडर, तहसीलदार मुनौव्वर खान सहायक इंसीडेंट कमांडर और थाना प्रभारी एनकेजे बी0डी0 द्विवेदी नोडल अधिकारी पुलिस होगें। इसके अलावा सीईओ जनपद पंचायत राजेश सिंह नोडल अधिकारी जनपद पंचायत, बीएमओ राज सिंह नोडल अधिकारी स्वास्थ्य और जिला प्रबंधक सौरभ नामदेव नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम होगें। इस क्षेत्र में आयुष विभाग द्वारा घर-घर सर्वे कर रोग प्रतिरोधक क्षमता वृद्धि के लिये आयुष औषधियों का वितरण प्रारंभ कर दिया गया है।

किल कोरोना अभियान में अब तक 1 लाख 26 हजार से अधिक घरों में टीम की दस्तक

6 लाख 10 हजार 496 व्यक्तियों का हुआ सर्वे

कटनी  राज्य शासन द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण को जड़मूल से नष्ट करने संचालित प्रदेश व्यापी किल कोरोना अभियान के तहत कटनी जिले में 1 जुलाई से 7 जुलाई तक 225 सर्वे दलों द्वारा 1 लाख 26 हजार 425 घरों में दस्तक देते हुये 6 लाख 10 हजार 196 परिवार के सदस्यों (व्यक्तियों) का सर्विलान्स हेल्थ सर्वे किया गया है।

            कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशन में संचालित किल कोरोना अभियान के तहत अभियान के तहत 1 जुलाई से 7 जुलाई तक सर्वे के दौरान सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी के 536 व्यक्ति पाये गये हैं। जबकि 28835 व्यक्तियों द्वारा आरोग्य सेतु एप का उपयोग मोबाईल पर किया जा रहा है। सर्वे के दौरान 1470 व्यक्तियों की मलेरिया आरडीटी किट से बुखार जांच की गई है। डेंगू बुखार का संभावित एक मरीज मिला है। टीबी के संभावित 200 और कुष्ठ के 38, डायरिया के 591 मरीज पाये गये हैं। इस दौरान 16143 ओआरएस पैकेट, 2343 जिंक के पैकेट तथा इम्युनिटी बूस्टर आयुष औषधियों और काढ़ा के पैकेट भी बांटे गये हैं। बड़वारा विकासखण्ड में 11075 घरों का सर्वेक्षण कर 57461 सदस्यों, बरही में 8890 घरों के 46952, बहोरीबंद के 20233 घरों का सर्वेक्षण कर 92249, ढीमरखेड़ा उमरियापान में 22060 घरों के 91695 सदस्यों, कन्हवारा के 12286 घरों के 91695, कटनी शहर के 11009 घरों के 49540, रीठी ब्लॉक के 12979 घरों के 62171 तथा विजयराघवगढ़ में 20893 घरों के 107381 परिवार सदस्यों का सर्विलान्स हेल्थ चैकअप किया गया है।

लम्बे समय से राशन सामग्री न लेने वालों की समीक्षा करें

उपभोक्ताओं को राशन का वितरण सुनिश्चित हो

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिए कलेक्टर्स को निर्देश

कटनी  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं को जून माह के राशन का वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही लंबे समय से राशन सामग्री न लेने वाले उपभोक्ताओं के नामों की समीक्षा करते हुए नए पात्र उपभोक्ताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्रालय से वीडियो कान्फ्रेंस द्वारा जिला कलेक्टर्स के साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण की समीक्षा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कुछ जिलों से उपभोक्ता भंडार द्वारा गड़बड़ी की शिकायतें प्राप्त होती हैं। शिकायतों की स्थिति को समाप्त किया जाए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को पूर्व में मार्च, अप्रैल और मई माह का राशन प्रदान किया जा चुका है। कोविड-19 के संकट को देखते हुए सामग्री का अग्रिम प्रदाय भी किया गया। जून माह के लिए आवंटित खाद्यान्न के शत-प्रतिशत पात्र उपभोक्ताओं को वितरण का कार्य पूरा किया जाए। प्रमुख सचिव श्री शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि 88 प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है। उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए गत दो माह बायोमेट्रिक पद्धति की अनिवार्यता भी समाप्त की गई। उपभोक्ताओं के सर्वेक्षण का कार्य कर लिया गया है। प्रत्येक पात्र उपभोक्ता को खाद्य सामग्री का प्रदाय सुनिश्चित किया जा रहा है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, आयुक्त जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाड़े उपस्थित थे।

मध्यप्रदेश में नहीं होगी उर्वरक और खाद की कमी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में उर्वरक और खाद आवश्यकता के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री से आग्रह किया गया है। श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अतिरिक्त उर्वरक प्राप्त करने के संबंध में यथासमय कार्यवाही पूर्ण करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रमुख सचिव कृषि को इस संबंध में जरूरी फॉलोअप करने के निर्देश दिए। इसी तरह गत वर्ष उपार्जित 6.45 लाख मेट्रिक टन गेहूँ केन्द्रीय पूल में दिए जाने के संदर्भ में मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा किए गए अनुरोध पर केन्द्र सरकार द्वारा राज्य शासन के अधिकारियों से संवाद कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

’’हमारा घर-हमारा विद्यालय’’ दूरदर्शन पर विशेष कार्यक्रम

कटनी  दूरदर्शन मध्यप्रदेश पर 8 जुलाई को रात्रि 8:30 बजे ’’हमारा घर-हमारा विद्यालय’’ पर विशेष कार्यक्रम प्रसारित किया जाएगा। शासकीय स्कूल में पढ़ने वाला कोई भी बच्चा इस गतिविधि से अछूता न रहे अतः दूरदर्शन से प्रसारित इस विशेष कार्यक्रम में श्रीमती रश्मि अरुण शमी प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा और श्री लोकेश कुमार जाटव आयुक्त, राज्य शिक्षा केन्द्र दर्शकों को ’’हमारा घर-हमारा विद्यालय’’ के संबंध में विस्तृत जानकारी देने के साथ ही पालकों की भूमिका और सहयोग के संबंध में चर्चा करेंगे।

उल्लेखनीय है कि, कोरोना संकट काल में विद्यार्थियों की शैक्षिक निरंतरता बनाए रखने के लिए, राज्य शिक्षा केन्द्र ने ’’हमारा घर-हमारा विद्यालय’’ योजना तैयार की है। इस योजना के तहत 6 जुलाई से बच्चों को घर पर ही स्कूली वातावरण में अध्ययन की गतिविधियाँ की गई हैं। ’’हमारा घर-हमारा विद्यालय’’ योजना एक भावनात्मक पारिवारिक पहल है जो बच्चों को परिवार के सहयोग से घर पर ही पढ़ाई को सुचारु रखने में सहयोगी है। सोमवार से प्रारंभ इस प्रदेशव्यापी कार्यक्रम में कलेक्टर्स एवं जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करके प्रत्येक बच्चे को इस कार्यक्रम से जोड़ा गया।

प्रदेश के विकास से संबंधित विषयों पर सुझावों के लिये समिति गठित

कटनी  विभागों की जटिल एवं चुनौतीपूर्ण प्रकृति की समस्याओं एवं चुनौतियों का नवाचारयुक्त समाधान, ई-गवर्नेन्स के क्षेत्र में उभरती हुई नवीनतम तकनीकों के माध्यम से प्राप्त करने के उद्देश्य से innovation.mp.gov.in पोर्टल विकसित किया गया है। मध्यप्रदेश इनोवेशन पोर्टल पर प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं।

            प्राप्त सुझावों के परीक्षण के लिए श्री अशोक शाह प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास की अध्यक्षता में छानबीन समिति का गठन किया गया है। इसमें श्रीमती दीपाली रस्तोगी, प्रमुख सचिव एमएसएमई, श्री धनराजू एस., संचालक कौशल विकास, श्रीमती छवि भारद्वाज, मिशन संचालक स्वास्थ्य मिशन समिति सदस्य और श्री एम. सेलवेन्द्रन, सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को सदस्य-सचिव नियुक्त किया गया है।

            छानबीन समिति द्वारा प्रकरणों के परीक्षण के बाद प्राप्त सुझावों के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में चयन/अनुमोदन समिति गठित की गई है। इसमें श्री अशोक शाह, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास, श्री मनोज गोविल, प्रमुख सचिव वित्त एवं श्री मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री को समिति का सदस्य और श्री एम. सेलवेन्द्रन, सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को सदस्य सचिव बनाया गया है।

अतिथि विद्वानों की आमंत्रण अवधि में वृद्धि

कटनी  उच्च शिक्षा विभाग ने नवीन शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिये अतिथि विद्वानों को आमंत्रित किया है। विभाग द्वारा कोविड संक्रमण के मद्देनजर आमंत्रित अतिथि विद्वानों की उपस्थिति दिनांक में परिवर्तन किया गया है। अब अतिथि विद्वानों की उपस्थिति 15 जुलाई, 2020 तक तथा रिक्त पदों की जानकारी ऑनलाइन मॉड्यूल में दर्ज करने की तिथि 18 जुलाई, 2020 तक की गई है। पूर्व में अतिथि विद्वानों की उपस्थिति 8 जुलाई तक तथा रिक्त पदों की जानकारी 13 जुलाई तक अपलोड किये जाने के निर्देश दिये गये थे।

उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में स्वीकृत प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी, ग्रंथपाल के स्वीकृत पद के विरुद्ध उन्हीं अतिथि विद्वानों को आमंत्रित किया गया है, जो पिछले सत्र में आमंत्रित किये गये थे। भर्ती प्रक्रिया में फालन आउट अतिथि विद्वानों को शामिल नहीं किया गया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें