मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दुर्घटना पर दुःख व्यक्त किया
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता
कटनी – मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कटनी जिले में हुई सड़क दुर्घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए असमय मृत्यु का शिकार हुए नागरिकों को श्रद्धाजंली दी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। कटनी जिला प्रशासन को दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं।
कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने खमतरा रोड पर ट्रक और ऑटो की हुई भीषण दुर्घटना में 6 व्यक्तियों की दुखद मृत्यु पर प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4-4 लाख रुपये के मान से आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। उन्होने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की बेहतर चिकित्सा के निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिये हैं।
कटनी जिले के अनुविभाग ढीमरखेड़ा अन्तर्गत खमतरा रोड पर ट्रक और ऑटो की सीधी टक्कर में ऑटो चालक सहित 6 व्यक्तियों की मृत्यु और 5 व्यक्ति घायल हो गये हैं। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय रिफर किया गया तथा मृतकों को पोस्टमार्टम के लिये उमरियापान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल एसडीएम सपना त्रिपाठी, पुलिस अधिकारियों और चिकित्सा टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा राहत और बचाव के कार्य प्रारंभ किये गये।
