पीडीएस के पात्रताधारी परिवारों की आधार सीडिंग 31 जुलाई तक करें – कलेक्टर

सार्वजनिक वितरण प्रणाली और उपार्जन की तैयारी की समीक्षा

कटनी  कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सभी पात्रताधारी परिवारों के सदस्यों की आधार सीडिंग का कार्य शासन के निर्देशानुसार 31 जुलाई तक शत्-प्रतिशत रुप से पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खाद्य आपूर्ति, कृषि, सहकारिता, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन तथा मण्डी के अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खरीफ फसल बोनी, खाद-बीज की उपलब्धता सहित खरीफ उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर जिला आपूर्ति अधिकारी पी0के0 श्रीवास्तव, नागरिक आपूर्ति निगम जिला प्रबंधन पियूष माली, मण्डी सचिव पियूष शर्मा, उप संचालक कृषि ए0के0 राठौर, सहायक पंजीयक डॉ0 अरुण मसराम भी उपस्थित थे।

            कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जिले में अब तक पात्रताधारी परिवार के सदस्यों की आधार सीडिंग का कार्य 73 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। शेष 27 प्रतिशत आधार सीडिंग का कार्य 31 जुलाई तक हर हालत में पूर्ण करें। इसके लिये सहकारिता निरीक्षक और खाद्य निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिये गये। जिला आपूर्ति अधिकारी पी0के0 श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 3 माह का खाद्यान्न उठाव किया गया है। जिसमें चना दाल का उठाव परिवहनकर्ता एजेन्सी ने नहीं किया है। कलेक्टर श्री सिंह ने जिला प्रबंधक नान के प्रति अप्रसन्नता जाहिर करते हुये संबंधित ट्रान्सपोर्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि आत्म निर्भर भारत योजना में 1 किलोग्राम साबुत चना और 5 किलो चावल प्रति प्रवासी मजदूर के मान से 72 प्रतिशत वितरण हो गया है। शेष एक सप्ताह में वितरण हो जायेगा।

            कलेक्टर श्री सिंह ने खरीफ फसल बोनी, खाद-बीज की उपलब्धता की समीक्षा करते हुये खरीफ उपार्जन के लिये अभी से तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिये। उप संचालक कृषि एवं खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि खरीफ फसलों के रकबे में वृद्धि तथा पंजीकृत किसान और खरीदी केन्द्रों की संख्या में बढ़ोतरी के दृष्टिगत इस वर्ष धान की खरीदी 3 लाख एमटी से अधिक किया जाना अनुमानित है। खरीफ में इस वर्ष 2 हजार हैक्टेयर रकबा धान और दलहन का रकबा भी लगभग 10 हजार हैक्टेयर बढ़ा है। कलेक्टर श्री सिंह ने धान खरीदी के लिये 3 लाख 25 हजार एमटी की खरीदी के लक्ष्य के अनुसार खरीदी, परिवहन एवं भण्डारण की तैयारियां अभी से प्रारंभ करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि खरीदी केन्द्रों की तैयारी, ट्रान्सपोर्टर्स का चयन, आवश्यक संसाधनों की पूर्ति और सुरक्षित भण्डारण के लिये वेयर हाउसिंग के गोदाम तथा ओपेन कैप के निर्माण इत्यादि की कार्ययोजना अभी से तैयार कर सभी विभागीय कार्यवाहियां समय रहते पूरी करें। नागरिक आपूर्ति निगम जिला प्रबंधक ने बताया कि इस बार धान की खरीदी में जिले के 4 परिवहन सेक्टर्स की संख्या बढ़ाकर 6 की जा रही है। जिससे परिवहन कार्य में आसानी होगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें