सुर्खी टैंक के विकास और सौंदर्यीकरण की 8 करोड़ की परियोजना
कलेक्टर ने किया स्थल निरीक्षण
कटनी – कटनी बड़वारा मार्ग पर सुर्खी वृहद् जलाशय के विकास और सौंदर्यीकरण के लिये 8 करोड़ 69 लाख रुपये की परियोजना तैयार की गई है। कार्ययोजना के तहत चार चारणों में विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य कराये जायेंगे। कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने सोमवार को कार्यकारी एजेन्सी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री एवं अन्य अधिकारियों के साथ सुर्खी टैंक का निरीक्षण कर अब तक हुये विकास कार्यों एवं प्रस्तावित कार्यों का मौका निरीक्षण किया।
कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा ने बताया कि सड़क के किनारे स्थित सुर्खी टैंक के विकास-विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिये 8 करोड़ 59 लाख रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया हैै। परियोजना के प्रथम चरण में 150 लाख रुपये के तालाब पिचिंग एवं बंड रेलिंग के कार्य हो चुके हैं। द्वितीय चरण के कार्य प्रारंभ किये जाने हैं। प्रोजेक्ट के तहत सुर्खी जलाशय के सौंदर्यीकरण के कार्य चार चरण में संपादित किये जायेंगे। चौथे चरण में सड़क के किनारे के 2 किलोमीटर लम्बाई में स्टील फेन्सिंग और पेवर ब्लॉक बिछाने की योजना है। कलेक्टर श्री सिंह ने सुर्खी तालाब में प्रथम चरण के पिचिंग और रेलिंग कार्य का अवलोकन किया। उन्होने तालाब की वेस्टबियर के स्लूस गेट की बैरिकेटिंग, रास्ता और घास लगाने का शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।
सड़क की तरफ चौथे चरण में किये जाने वाले 2 किलोमीटर लम्बाई में फेन्सिंग और पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्य का मौका स्थल निरीक्षण भी कलेक्टर ने किया। उन्होने कहा कि सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट का प्लान्टेशन है। इसे नहीं हटायें। इसके साथ ही तालाब के अपस्ट्रीम के कैचमेन्ट एरिया में समतल भूमि नहीं होने से सड़क के 2 किलोमीटर भाग में स्टील फेन्सिंग और पेवर ब्लॉक के स्थान पर पुनरीक्षित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सुर्खी टैंक के सौंदर्यीकरण के कार्य में प्राकृतिक हरियाली नष्ट नहीं होनी चाहिये। इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होने सुर्खी टैंक के मुख्य परिदृश्य स्थल और डाउनस्ट्रीम में सौंदर्यीकरण के कार्य कराने के निर्देश दिये।
गर्ग चौराहा से जुहला बाईपास सड़क निर्माण का निरीक्षण
सुर्खी पोंड़ी मत्स्य बीज प्रक्षेत्र और सुर्खी टैंक का निरीक्षण कर लौटते हुये कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने दुबे कॉलोनी के समीप जुहला बाईपास तक बनने वाले सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़़ीकरण के तहत किये जा रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया।

