विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर ऑनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन
कटनी – नेहरु युवा केंद्र कटनी (युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय भारत सरकार) की जिला युवा समन्वयक कु. कीर्तिका कुहर ने बताया कि कटनी जिले के बडवारा, ढीमरखेड़ा, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़, रीठी एवं कटनी विकासखण्ड के विभिन्न गाँव में युवा मंडल/महिला मंडल के सहयोग से 15 जुलाई 2020 को विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर ऑनलाइन चित्र कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चित्र कला प्रतियोगिता का शीर्षक था- कौशल विकसित कर मिले सफल रोजगार के अवसर। इस प्रतियोगिता के सफ़ल आयोजन हेतु राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने युवा मंडल/महिला मंडल सदस्यों एवं सहयोगी युवाओ को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
चित्र कला प्रतियोगियों ने बहुत रचनात्मक ढंग से आज के जीवन में कौशल के महत्व एवं उससे प्राप्त रोजगार के अवसर को चित्र कला के माध्यम से प्रस्तुत किया, जो प्रशंसनीय रहा है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बहोरीबंद ब्लॉक से राकेश तिवारी का रहा।
आज जब सारा विश्व कोरोना महामारी का सामना कर रहा है, ऐसे समय में रोजगार के अवसर पहले से अधिक क्षीण होते जा रहे हैं। कुशल युवा ही ऐसे चुनौतीपूर्ण समय को अवसर में परिवर्तित करने का सामर्थ्य रखता है। युवाओं को कौशल विकास की महत्ता समझाने हेतु ही यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विभिन्न विकासखण्ड के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अनुभव रावत, सतीश कुमार, धीरेन्द्र द्विवेदी, मोनू चौधरी, विकास यादव, मनोज चौधरी, शिवानी सोनी, हेमन्त सेन, निकिता नामदेव, पंकज नामदेव, विकास गौतम, श्रीकांत दुबे, मुकेश तिवारी आदि का विशेष सहयोग रहा है।

