जलस्तर बढ़ने पर सतर्क रहें: कलेक्टर की नागरिकों से नदी-नालों को पार न करने की अपील

Advertisement

जान जोखिम में नहीं डालने आम जनता से सावधानी और सतर्कता बरतने किया आग्रह

(कटनी)-  कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने मानसून के दौरान बारिश को देखते हुए आम नागरिकों से इस दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। जिससे की इस दौरान किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।

            कलेक्टर श्री यादव ने कहा है की मौसमी नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि होने पर उनसे सुरक्षित दूरी बना कर रखें। नदी-नालों के उफान पर होने पर रपटा, पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में इसे वाहन सहित या पैदल पार करने का दुस्साहस बिल्कुल नहीं करें। किसी भी हाल में जान जोखिम में न डालें। ऐसा खुद भी करें और दूसरों को भी बढ़े जलस्तर वाले जल स्त्रोत नदी-नाले से सुरक्षित दूरी बनाकर रखने की सलाह दें।

            कलेक्टर श्री यादव ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने कार्य क्षेत्र के संभावित जल भराव वाले निचले हिस्से और तटीय इलाकों पर नजर रखें। कलेक्टर ने आपदा राहत की विगत दिनों आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया था कि ज़रूरत के मुताबिक स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पशुधन और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के लिए स्थलों का पहले से चयन कर लें और खाद्यान्न सहित दवाइयों की भी पर्याप्त व्यवस्था कर लेवें।

पानी उफान पर होने पर पुल-पुलिया पार नहीं करें

            बारिश से नदी-नालों एवं निचले इलाकों में पानी का स्तर अचानक तेजी से बढ़ता है, विशेष कर पहाड़ी क्षेत्रों में नदी नालों में जल्दी ही पानी का स्तर बढ़ जाता है। ऐसे में जलस्तर के घटने का इंतजार करें या कहीं आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। लेकिन किसी भी स्थिति में उफान और बढ़े जलस्तर वाले पुल- पुलिया, नदी- नालों को पार नहीं करें। जिंदगी अनमोल है, छोटी सी गलती और दुस्साहस से जीवन को संकट में न डालें। कलेक्टर श्री  यादव ने जिले के आमजनों से अपील की  है कि वे नदी- नालों व जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें। सड़क और पुल के उपर से पानी बहने की स्थिति में उस जगह को पार करने का जोखिम बिल्कुल भी ना उठाएं।

            शिक्षकों को भी निर्देशित किया गया है कि वे छात्रों को बताएं कि नदी -नालों के ऊपर पानी का बहाव होने पर इस स्थान से सुरक्षित दूरी बना कर रखें, इसे पार करने का जोखिम न उठाएं।

रील व सेल्फी के चक्कर में जान जोखिम में न डालें

            मानसून के सक्रिय होने से मौसम भी  सुहाना हो चुका है। ऐसे  में नदी -नालों ,पुल- पुलिया के किनारे और प्राकृतिक झरने वाले स्पॉट्स लोगों की पहली पसंद होती है। ऐसे में मौसम का लुत्फ जरूर उठाएँ लेकिन रील बनाने, सेल्फी लेने और रोमांच के चक्कर में अपनी और अपने परिवार की जान से खिलवाड़ न करें, विशेष कर बच्चों को तेज पानी के बहाव वाले स्थान पर न जाने दें।क्योंकि लगातार हो रही बारिश के कारण कब, कहाँ से पानी का बहाव तेज हो जाए, ये किसी को नहीं पता। जिला प्रशासन और पुलिस आपको समझाइश दे सकता है और अलर्ट कर सकता है, लेकिन अंतिम निर्णय आपकी समझदारी पर ही निर्भर होगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें