शासकीय तिलक कॉलेज में किया गया नशा मुक्ति शपथ का आयोजन
(कटनी) – शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा उन्हें एक स्वस्थ, नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की कार्यक्रम प्रभारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जिससे न केवल व्यक्ति बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। हमें युवाओं को इससे दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
कार्यक्रम में डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह जिला संगठन राष्ट्रीय सेवा योजना ने महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को एक स्वर में नशा मुक्त समाज की शपथ दिलाई। शपथ में यह संकल्प लिया गया कि हम स्वयं नशा नहीं करेंगे और न ही किसी को नशा करने के लिए प्रेरित करेंगे। हम समाज में नशा उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाएंगे। इसके अलावा महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को रेखांकित किया गया।
नशा मुक्त भारत अभियान राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपस्थिति सराहनीय रही।

