भजिया में आयोजित लोक सुनवाई सह जनसंवाद कार्यक्रम में कलेक्टर श्री यादव ने सुनीं 62 ग्रामीणों की समस्यायें

Advertisement

(कटनी) – कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव गुरुवार को जनपद पंचायत बड़वारा के ग्राम पंचायत भजिया में आयोजित लोक सुनवाई सह जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचे। यहाँ उन्होंने 62 ग्रामीणों की समस्याएं सुनी एवं अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

     इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री शिशिर गेमावत, एसडीएम कटनी श्री प्रदीप कुमार मिश्रा, जिला पंजीयक श्री पंकज कोरी, जिला श्रम अधिकारी श्री के बी मिश्रा, तहसीलदार श्री संदीप सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार सुश्री अनुराधा सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

पट्टा दिलायें

     लोक सुनवाई के दौरान ग्राम भजिया निवासी उमेश कुमार चौधरी पिता कमला चौधरी ने मकान का पट्टा दिलाये जाने की मांग करते हुए बताया कि मैं मजदूरी करके जीवन यापन करता हूँ एवं मेरा मकान पिछले 20 वर्षों से शासकीय भूमि पर बना है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम को निश्चित समयावधि में कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

     इसी प्रकार धनगवां निवासी भागवत लाल यादव ने पट्टा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि मैं पिछले कई वर्षों से शासकीय भूमि पर काबिज हूँ। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने तहसीलदार को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

गरीबी रेखा में नाम जुड़वायें

लोक सुनवाई में ग्राम भुइया निवासी शिवशंकर कुशवाहा ने बताया कि मैं मजदूरी करके जीवनयापन करता हूँ। परंतु, गरीबी रेखा में मेरा नाम नहीं जुड़ा है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम को समय-सीमा में पात्रतानुसार नाम जोड़ने के निर्देश दिए।

नक्शा सुधार करवायें

     लोकसुनवाई के दौरान भजिया निवासी परंगी कुशवाहा ने आवेदन देते हुए कहा कि वर्ष 2008 में मैंने जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर मैं तब से लगातार कृषि कर रहा हूँ। मैंने नक्शा सुधार हेतु आवेदन दिया था। परंतु अभी तक नक्शा सुधार नहीं हो पाया है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम को निश्चित समयावधि में नक्शा सुधार करने के निर्देश दिए।

भू-अभिलेख से बहनों का नाम हटायें

लोक सुनवाई में काछी मुकाम निवासी रामकिशोर, शिवकुमार एवं भैयालाल ने कहा कि भजिया, छपरवाह और धनगवां में स्थित हमारी भूमि के भू-अभिलेखों में हम भाईयों के साथ बहनों का नाम भी दर्ज है। चूंकि हमारी चारों बहने रामकली, मुन्नीबाई, जानकीबाई एवं कान्तीबाई कोई हिस्सा नहीं लेना चाहती इसलिए इन भू-अभिलेखों से बहनों का नाम खारिज किया जाय। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने राजस्व विभाग को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें