शिकायतकर्ता से बात करें, संतुष्टिपूर्ण तरीके से करे निराकरण-कलेक्टर
(सतना) सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की संपन्न बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि राजस्व सहित सभी विभागों के संबंधित अधिकारी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण करते समय शिकायतकर्ता से बात करें तो संतुष्टिपूर्ण निराकरण का प्रतिशत बढेगा। उन्होंने राजस्व की 1400 से अधिक लंबित शिकायतों को तहसीलवार विभाजित कर हल्कावार पटवारियों को जिम्मेदारी देने के निर्देश दिये। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, एसडीएम एपी द्विवेदी, जितेन्द्र वर्मा, अपर कलेक्टर सुधीर बेक, एसडीएम एलआर जांगडे, डिप्टी कलेक्टर बीके मिश्रा, सोमेश द्विवेदी सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कहा कि सोमवार को अपरान्ह तक ग्रेडिंग होने के पूर्व सभी एल वन और एल टू अधिकारी शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर अधिक से अधिक शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराये। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की 1400 से अधिक शिकायतें 50 दिवस से ऊपर की लंबित है। इन्हें तहसीलवार बांट कर पटवारियों को हल्कावार निराकरण की जिम्मेदारी दें। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग की 496 शिकायतें 50 दिवस से ऊपर लंबित होने पर सीएमएचओ को निराकरण करने के निर्देश दिये दिये।
आपदा राहत, बाढ राहत के कार्यों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में 13 प्रकरण आर.बी.सी. में आपदा मृत्यु के प्राप्त हुए है। आपदा राहत के प्रकरणों में राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रावधानों के अनुसार मिलने वाली राहत राशि भुगतान में विलंब नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने शेष जुलाई माह में हुई मृत्यु के प्रकरणों में अगले दो-तीन दिनों में राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जून माह में ब्रम्हकुण्ड की घटना और 26 जून को उचेहरा में बिजली गिरने से हुई राजकुमारी कोल की मृत्यु पर राहत राशि अभी तक भुगतान नहीं होने पर कलेक्टर ने एसडीएम मझगवां और उचेहरा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। रेल्वे के अंर्तविभागीय विषयों पर चर्चा के दौरान कलेक्टर ने मूल अवार्ड में सतरी बगहाई की मुआवजा राशि का वितरण नहीं हो पाने पर रामपुर बघेलान के एसडीएम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
हिट एण्ड रन के लंबित 61 प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम व्यक्तिगत रूप से देखे और तहसीलदार से बातचीत कर आवश्यक अभिलेखों की पूर्ति कराये। गुरूवार को समक्ष में स्वीकृति के लिए फाइल लेकर आयेंगे और उसी समय स्वीकृतियां लेकर जायेंगे। कलेक्टर ने कहा कि प्रकरणों के शीघ्र निराकरण नहीं करने पर संबंधित पर कार्यवाही का प्रस्ताव भेजा जायेगा। कलेक्टर ने कहा कि 86 सीमांकन के प्रकरण समाधान के विषयों से संबंधित है। इनका निराकरण कराये। नगरीय निकायों को डेंगू मलेरिया से बचाव के लिए कीटनाशकों का छिडकाव और सिंगल यूज प्लास्टिक के विरूद्ध कार्यवाहियां तेज करने के निर्देश भी दिये।
