किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने वाली नहर का कलेक्टर ने लिया जायजा किरहाई पिपरिया में निर्माणाधीन एलबीसी नहर का निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और क्षतिग्रस्त पुलियों के सुधार के दिए निर्देश
(कटनी) कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने विकासखंड बहोरीबंद के ग्राम किरहाई पिपरिया में निर्माणाधीन एलबीसी नहर का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर नहर निर्माण से मिलने वाले लाभों की जानकारी ली तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को बताया गया कि बहोरीबंद जलाशय के अंतर्गत शाखा नहरों की कुल लंबाई 34.42 किलोमीटर है। इनमें दायीं और बायीं तट नहर की रिसेक्शनिंग, लाइनिंग संरचनाओं का सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य किया जा रहा है। एलबीसी नहर के 12 से 15 किलोमीटर के बीच सीसी लाइनिंग का निर्माण प्रगतिरत है।
कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर लाइनिंग कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन करने की हिदायत दी।ग्रामीणों ने कुछ स्थानों पर नहर में बनी पुलियों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पुलियों का सुधार कराने के निर्देश दिए, ताकि सिंचाई व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए।स्थानीय नागरिक नवी मोहम्मद ने बताया कि नहर में पानी आने से खेतों की सिंचाई सुगम होगी और किसानों को अच्छी पैदावार का लाभ मिलेगा।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, कार्यपालन यंत्री श्री प्रलेश बम्हनिया, एसडीएम बहोरीबंद श्री श्लोक वायकर और एसडीओपी सुश्री आकांक्षा चतुर्वेदी उपस्थित रहे। कूडन जलाशय का निरीक्षणकलेक्टर श्री तिवारी ने कूडन जलाशय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग ने बताया कि कूडन जलाशय की कुल क्षमता 36.98 घन मीटर है। जलाशय द्वारा जिले के कुल 21 गांव लाभान्वित होंगे।
