बल्देवगढ़ रोड पर हादसा, डॉक्टर ने दिखाई मानवता, घायल को अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
(खरगापुर) गत दिवस टीकमगढ़-बल्देवगढ़ मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शाम करीब 6 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 25 वर्षीय जगभान लोधी निवासी ग्राम रमपुरा थाना कुडीला गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगने के बाद जगभान सड़क किनारे गंभीर हालत में काफी देर तक पड़ा रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन सहायता के इंतजार में समय बीतता गया। इसी दौरान बल्देवगढ़ के बीएमओ (ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर) डॉ. अंकित त्रिपाठी वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत अपनी सरकारी गाड़ी रोकी, घायल की हालत देखी और तुरंत 108 एंबुलेंस को कॉल किया। एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर डॉ. त्रिपाठी ने बिना समय गंवाए अपने सरकारी वाहन से ही घायल युवक को जिला अस्पताल टीकमगढ़ पहुंचाया।
डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि वे शाम करीब 6:45 बजे घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसके चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें होने की पुष्टि की। यह हादसा कर्मासन नदी के घाट के पास हुआ था। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टक्कर किस वाहन ने मारी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वाहन की तलाश की जा रही है। घटना की सूचना घायल के परिजनों को दे दी गई है। जिला अस्पताल में युवक का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने डॉ. अंकित त्रिपाठी के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता के चलते घायल को समय पर उपचार मिल सका और उसकी जान बचाने में मदद की गई ।
✍️ शिवराज सिंह
RPKP INDIA NEWS
खरगापुर
