पुलिस अधीक्षक पहुंचे थाना खरगापुर, जनता से किया जनसंवाद
(खरगापुर) पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में थाना खरगापुर परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के आमजन, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा उन्होंने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

एसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने टीकमगढ़ पुलिस की नवपहल “जनता के लिए- समाज के लिए” के अंतर्गत वर्तमान में संचालित जनकल्याणकारी अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सुरक्षा, सहायता और विश्वास का वातावरण स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत प्रमुख रूप से महिला सुरक्षा अभियान— नीड, परी, भरोसा, सहारा, आसरा, युवा जोड़ो अभियान— युवाओं को सकारात्मक दिशा देने हेतु, जिला स्तरीय जनजागरण अभियान— नशा, कुरीतियों एवं अपराधों के विरुद्ध, मजनू अभियान— छात्राओं की सुरक्षा व संरक्षण हेतु, प्रतिभा सम्मान अभियान— उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने हेतु चलाए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन पहलों का प्रभाव क्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। महिला अपराधों में 37% की कमी, जन चौपाल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों में 32% की कमी,ये आंकड़े जनता और पुलिस के बीच बढ़ते विश्वास के सशक्त संकेत हैं।

जिले में अपराध नियंत्रण हेतु पुलिस टीम द्वारा निरंतर सघन गश्त का संचालन, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी, मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करना,
नशे के कारोबार में शामिल तत्वों पर कठोर कार्रवाई कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस द्वारा आयोजित जागरूकता शिविरों के माध्यम से नागरिकों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुँचाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने अपने सुझाव व समस्याएँ विस्तार से रखीं। एसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने पूर्ण संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सभी मुद्दों को सुना तथा उनके शीघ्र व उचित समाधान का आश्वासन दिया। उपस्थित जनों ने पुलिस अधीक्षक के संवादात्मक, सहज और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा क्षेत्र की प्रतिभाशाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया एवं उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया साथ ही महत्वपूर्ण टिप्स दिए ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से थाना प्रभारी खरगापुर निरीक्षक अंबर सिंह सिकरवार , तहसीलदार सत्यप्रकाश शुक्ला, सीएमओ दिलीप पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष कु.दीप्ति कोरी, विद्युत विभाग जेई पुष्पेन्द्र राय, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य, नागरिक, व्यापारीगण, पत्रकारगण तथा खरगापुर थाना स्टाफ कार्यक्रम में उपस्थित रहा।
