“दो साल बेमिसाल” : विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने गिनाईं उपलब्धियां, मैहर को विकास की नई दिशा
(मैहर) मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार के स्वर्णिम दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी द्वारा आयोजित “दो साल बेमिसाल” कार्यक्रम सरना पैलेस में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मैहर की जनता के समक्ष बीते दो वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, सतना जिला पंचायत अध्यक्ष राम खेलावन कोल, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता संतोष सोनी, जिला महामंत्री जितेंद्र पटेल सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री शिवदयाल प्रजापति ने किया। पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के पश्चात स्वागत उद्बोधन आदित्य नारायण शुक्ला ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में मैहर विधानसभा क्षेत्र में दो हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि मां शारदा लोक के निर्माण हेतु 1500 करोड़ रुपये का प्रस्ताव, धार्मिक एवं पर्यटन विकास के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, स्वेच्छानुदान मद से 1500 से अधिक लोगों को आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता के अंतर्गत 158 हितग्राहियों को लाभ दिया गया है। इसके अतिरिक्त एनजीओ, स्व-सहायता समूहों को भी लाभान्वित किया गया।
विधायक निधि से 8 फायर फाइटर, 91 वाटर टैंकर, विद्युतीकरण कार्य, मेडिकल उपकरण, फ्रिजर, सरस्वती स्कूल पकरिया भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये, विगत दो वर्षों में 34 करोड़ रुपये के विकास कार्य, 54 करोड़ की लागत वाली धनवाही माइक्रो सिंचाई परियोजना, सर्किट हाउस में अतिरिक्त कक्ष, बेरमा में 1.51 करोड़ की लागत से विद्यालय भवन निर्माण, जिला खनिज मद से 4 करोड़ के प्रस्ताव तथा नगरीय विकास के लिए 210 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज स्वीकृत कराया गया है।
उन्होंने बताया कि गीता भवन निर्माण हेतु 10 करोड़ रुपये, हरनामपुर गोपालबाग तालाब के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन, सड़कों का निर्माण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना एवं मजरा-टोला सड़कों के प्रस्ताव, नवीन कन्या महाविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं।

विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में मैहर को और अधिक विकसित, समृद्ध एवं श्रेष्ठ बनाने का संकल्प है, जिसमें जनता और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन व सहयोग अपेक्षित है। पर्यावरण संरक्षण के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत करीब तीन लाख पौधों का रोपण किया गया है। साथ ही किसानों के लिए नलकूप खनन योजना, राष्ट्रीय बायोगैस योजना, कृषि शक्ति योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, फसल उपार्जन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने ने अपने उद्बोधन में कहा कि दो वर्षों में मैहर जिले ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है, जिसका श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को जाता है। सतना जिला पंचायत अध्यक्ष राम खेलावन कोल ने कहा कि विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी द्वारा किए गए विकास कार्य मैहर जिले के लिए ऐतिहासिक और अतुलनीय हैं। कार्यक्रम के अंत में जिला महामंत्री जितेंद्र पटेल ने आभार प्रदर्शन किया।
✍️ रवींद्र सिंह (मंजू सर)
RPKP INDIA NEWS
मैहर

