केंद्रीय बजट 2026-27 : गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण का रोडमैप— सांसद गणेश सिंह सतना

Advertisement

(मैहर) केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर मैहर जिले में सतना सांसद गणेश सिंह द्वारा एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बजट को देश के समग्र विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाला बताया। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के सशक्तिकरण की स्पष्ट दिशा तय करता है।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद गणेश सिंह ने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य का विज़न है। इसमें समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए ऐसे प्रावधान किए गए हैं, जो दीर्घकालीन विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक न्याय को सुनिश्चित करते हैं।

किसानों और कृषि क्षेत्र को मजबूती

सांसद ने बताया कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अर्थव्यवस्था की रीढ़ के रूप में और सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया है। आधुनिक कृषि तकनीक, डिजिटल सुविधाएं, सिंचाई और ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रावधानों से किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।

युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास

बजट 2026-27 में युवाओं के लिए रोजगार सृजन और कौशल विकास को प्राथमिकता दी गई है। स्किल इंडिया, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों से युवा आत्मनिर्भर बनेंगे और उन्हें भविष्य के रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण को नई दिशा

सांसद गणेश सिंह ने कहा कि यह बजट महिलाओं की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाला है। महिला उद्यमिता, स्वयं सहायता समूहों, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े प्रावधान महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाएंगे।मध्यम वर्ग को राहत बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है। कर प्रणाली को सरल बनाते हुए टीडीएस सर्टिफिकेट के लिए आवेदन की आवश्यकता समाप्त की गई है, वहीं टीसीएस को 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत किया गया है। इससे आम करदाताओं को सीधा लाभ मिलेगा और आर्थिक बोझ कम होगा।

उद्यमियों और स्टार्टअप को प्रोत्साहन

उद्यमियों और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए निवेश-अनुकूल माहौल तैयार किया गया है। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल इंडिया

सांसद ने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रावधानों से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आएगा। राष्ट्रीय फाइबर योजना की घोषणा से डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी, जिससे डिजिटल इंडिया का सपना और साकार होगा।

पर्यटन और बुनियादी ढांचे का विकास

पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने वाले प्रावधानों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही बुनियादी ढांचे के विकास से मऊगंज सहित पूरे क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।

सबका साथ, सबका विकास का बजट

सांसद गणेश सिंह ने बजट को “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय को भी प्राथमिकता देता है और भारत के भविष्य को सशक्त व समृद्ध बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

उपस्थित गणमान्यजन

इस पत्रकार वार्ता में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, बजट प्रभारी संयोजक गोरेलाल पटेल, जिला महामंत्री जितेंद्र पटेल, जिला मीडिया प्रभारी रवींद्र सिंह मंजू सर, सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में बजट की सराहना करते हुए इसे देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताया।

इस अवसर पर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भाजपा पदाधिकारियों का कहना था कि केंद्रीय बजट 2026-27 से आमजन के जीवन स्तर में सुधार होगा और मैहर सहित पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें