NICT कंपनी के शोषण के खिलाफ बैंक मित्रों का राष्ट्रव्यापी आक्रोश, 7 फरवरी को काली पट्टी बांधकर करेंगे विरोध
(भोपाल/कटनी) NICT कंपनी द्वारा बैंक मित्रों के साथ किए जा रहे कथित शोषण, मनमानी कटौतियों और अन्यायपूर्ण नीतियों के विरोध में देशभर के बैंक मित्र 7 फरवरी 2026 (शनिवार) को एकजुट होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। मध्यप्रदेश बैंक मित्र संगठन के आह्वान पर सभी बैंक मित्र काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे और कंपनी की दमनकारी नीतियों के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि NICT कंपनी लगातार बैंक मित्रों के मेहनताने में अनावश्यक कटौती कर रही है, काम के घंटों का शोषण किया जा रहा है तथा न्यूनतम सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं। बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे बैंक मित्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मध्यप्रदेश बैंक मित्र संगठन ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक राज्य की नहीं, बल्कि पूरे देश के हजारों बैंक मित्रों के सम्मान और अधिकारों की है। 7 फरवरी को होने वाला विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा, लेकिन यह NICT प्रबंधन को स्पष्ट संदेश देगा कि अब शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संगठन ने सभी बैंक मित्रों से अपील की है कि वे एकजुट होकर काली पट्टी बांधकर अपने कार्यस्थल पर विरोध दर्ज कराएं और इस अभियान को सफल बनाएं। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र रूप देने पर विचार किया जाएगा।
