पनिहाई धाम में निकलेगी भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात, तीन दिवसीय मेला भी होगा आयोजित ।

(कैमोर) औद्योगिक नगरी कैमोर एक बार फिर धार्मिक आस्था और उत्साह के रंग में रंगने जा रही है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी रविवार को नगर के वार्ड क्रमांक 08 स्थित पनिहाई धाम से भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्तों के जयघोष के बीच निकलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार पनिहाई धाम वर्षों से शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां निरंतर पूजा-अर्चना का क्रम चलता आ रहा है। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां तीन दिवसीय मेले का आयोजन भी परंपरागत रूप से किया जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन जाता है।

आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष शिव बारात को विशेष रूप से आकर्षक और भव्य बनाने की तैयारी की गई है। शिवरात्रि के दूसरे दिन श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें सभी भक्त प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।

पहाड़ों से घिरे शांत वातावरण में स्थित पनिहाई धाम का आध्यात्मिक माहौल श्रद्धालुओं को विशेष अनुभूति कराता है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *