कोरेन्टाईन और आईसोलेशन की प्रक्रिया का सख्ती से पालन करायें
कोविड केयर सेन्टर की व्यवस्थायें रखें दुरुस्त – कलेक्टर
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले में कोरोना संक्रमितों की बढ़ रही संख्या के मद्धेनजर सभी आरआरटी के अधिकारियों को संक्रमण की श्रृंखला को ब्रेक करने कोरेन्टाईन और आईसोलेशन की प्रक्रिया का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये हैं। वहीं कोविड केयर सेन्टर में भर्ती संदिग्ध केसों की देखरेख, पेयजल, साफ-सफाई, उपचार सुविधा, ऑक्सीजन की उपलब्धता और खान-पान की दुरुस्त व्यवस्थायें रखने के निर्देश स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों को दिये हैं। सोमवार को टीएल की बैठक के बाद कलेक्टर ने जिला अधिकारियों की बैठक लेकर संक्रमण की रोकथाम के प्रयासों एवं उपचार सेवाओं की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में गठित आरआर टीमों में संबंधित प्रशासनिक कार्यवाहियों एवं उपचार सेवाओं के लिये विभागों के अधिकारियों को रखा गया है। सभी अपने अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी पूर्वक करें। कोविड केयर सेन्टर्स के संचालन एवं व्यवस्थाओं के लिये अधिकारियों को दायित्व सौंपे गये हैं। स्वास्थ्य विभाग का मुख्य कार्य संदिग्ध के सैम्पल लेना, रिपोर्ट प्राप्त करना और मरीजों की देखभाल और भोजन, पानी के प्रबंध हेतु स्वास्थ्य विभाग को बजट आवंटन पर्याप्त रुप से किया गया है। बेहतर सेवाओं के लिये इसका सद्पयोग करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चैन को तोड़ने कोरेन्टाईन और आईसोलेशन का पालन सख्ती से कराना जरुरी है। पॉजीटिव मरीज मिलते ही उसके फर्स्ट कॉन्टेक्टी के रुप में कम से कम 15 व्यक्तियों को चिन्हित करें, आवश्यकता अनुसार उनके सैम्पल लें। कोरेन्टाईन और आईसोलेशन की प्रक्रिया में तत्काल उन्हें संस्थागत कोरेन्टाईन करायें। जिले में 10 कोविड केयर सेन्टर के अलावा अन्य शहरों की भांति प्राईवेट संस्था या होटलों को पेड कोरेन्टाईन सेन्टर के रुप में बढ़ावा दिया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि पॉजीटिव केस के कम से कम 15 फर्स्ट कॉन्टेक्टी की ट्रेसिंग कर उन्हें सार्थक एप में एन्ट्री करायें। स्वास्थ्य विभाग जांच के लिये भेजे जाने वाले सैम्पलों की संख्या में वृद्धि कर प्रतिदिन 400 जांच सैम्पलिंग कराने का लक्ष्य रखें। कन्टेनमेन्ट एरिया में सैनीटाईजेशन, बैरीकेटिंग की उचित व्यवस्था रखें तथा लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराते हुये कन्टेनमेन्ट क्षेत्र से बाहर या अन्दर आने की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगायें।
आरआरटी के अधिकारी मास्क धारण करने और सोशल डिस्टेन्सिंग सहित सावधानियों का पालन आमजन से करायें और उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने की कार्यवाही करें। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कार्यकर्ता फ्रंटलाईन मोर्चे पर कोरोना संक्रमण की रोकथाम के बेहतर प्रयास करने में सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं। इनकी सुरक्षा का ध्यान रखते हुये बचाव के उपकरण, मास्क, सैनीटाईजर, ग्लब्ज आदि विभागीय मद से उपलब्ध करायें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में अपने अधीनस्थ अधिकारी, कर्मचारियों की सुरक्षा का ध्यान रखें और विभागीय मद से आवश्यक बचाव की सामग्री उपलब्ध करायें।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी कोविड केयर सेन्टर में खान पान और गर्म पेयजल की उचित व्यवस्था रखें। इसके अलावा पैरामेडिकल स्टाफ और चिकित्सक की उपलब्धता कोविड केयर सेन्टर में बनी रहनी चाहिये। हॉस्टल की सम्पूर्ण साफ सफाई और उचित प्रबंधन में नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मूल विभाग भी जिम्मेदारियों का वहन करे। उन्होने कहा कि कोरोना संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने अति आवश्यक है कि बाहर से आने वाले लोगों और फर्स्ट कॉन्टेक्टी ट्रेसिंग वाले लोगों को संस्थागत कोरेन्टाईन करें और आरआर टीमें इन आईसोलेशन परसन की सतत् मॉनीटरिंग करें।

