नई बस्ती और माधवनगर में पुनः बटेगी आयुष दवा
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने शहर के माधवनगर क्षेत्र और नई बस्ती में कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे मामलों के दृष्टिगत जिला आयुष अधिकारी को एक बार पुनः इन क्षेत्रों में रोग प्रतिरोधक क्षमता वृद्धि की संशमनी वटी आयुष दवा का वितरण करने के निर्देश दिये हैं। जिला आयुष अधिकारी डॉ0 आर0के0 सिंह ने बताया कि इन क्षेत्रों में आयुष कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर आयुष दवा संशमनी वटी खिलाई जायेगी। इसके अलावा जिले के सभी कन्टेनमेन्ट एरिया घोषित क्षेत्रों के लोगों को भी इम्युनिटी बूस्टर के रुप में त्रिकटु चूर्ण कर वितरण भी सार्थक एप के आधार पर किया जा रहा है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ0 सिंह ने बताया कि अब तक पूरे कटनी जिले में 8 लाख 12 हजार 30 व्यक्तियों को रोग प्रतिरोधक दवा खिलाई जा चुकी है। इनमें शहरी क्षेत्र के 1 लाख 10 हजार 248 लोगों को आयुर्वेद और 54 हजार 324 व्यक्तियों को आयुर्वेद और 5 लाख 26 हजार 376 व्यक्तियों को होम्योपैथी औषधि इम्युनिटी बूस्टर के रुप में दी गई है। इन व्यक्तियों में 25 हजार 196 प्रवासी मजदूर एवं अन्य राज्यों से कटनी जिले में आये व्यक्ति शामिल हैं। वर्तमान में सभी आयुर्वेदिक औषधालयों की ओपीडी से आयुष औषधियों का वितरण किया जा रहा है।

