कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा कर्मयोगियों का सम्मान, ‘स्टार ऑफ द मंथ’ से नवाजे गए योगेश भारती एवं मोनेन्द्र पाण्डेय

(सीधी) जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मयोगियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कलेक्टर श्री विकास मिश्रा द्वारा “स्टार ऑफ द मंथ” के अंतर्गत सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को पहचान और प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है।

नगर पालिका परिषद सीधी के सफाई मित्र योगेश भारती को शहर की साफ-सफाई, कचरा निस्तारण एवं जन-जागरूकता बढ़ाने में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके निरंतर प्रयासों से नगर निकाय की रैंकिंग में सुधार हुआ है, जो उनके कार्य के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी को दर्शाता है।

इसी क्रम में, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जूरी कुसमी के उच्च माध्यमिक शिक्षक मोनेन्द्र कुमार पाण्डेय को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मिशन कर्मयोगी अंतर्गत आयोजित साधना सप्ताह के दौरान उन्होंने सर्वाधिक पाठ्यक्रम पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनकी मेहनत, लगन और सतत सीखने की भावना अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने दोनों सम्मानित कर्मयोगियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जिले के विकास में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी को इसी प्रकार निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए जिले को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन द्वारा दोनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह पहल जिले के अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें