विधायक संजय पाठक की दूरदर्शी पहल: हरिहर तीर्थ बनेगा आस्था और विकास का केंद्र
विजयराघवगढ़। विजयराघवगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन हरिहर तीर्थ अब केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और विकास का संगम बनने जा रहा है। रामराजा पर्वत पर आकार ले रहे इस दिव्य प्रकल्प का निरीक्षण करने पहुंचे राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रख्यात नारे “रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे” के प्रणेता बाबा सत्यनारायण मौर्य ने इसकी भव्यता और उद्देश्य की सराहना की।
इस अवसर पर उनके साथ भारतीय प्रतिमा विज्ञान के विशेषज्ञ एवं प्रसिद्ध मूर्तिकार दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों ही विद्वानों का आत्मीय स्वागत करते हुए विधायक संजय पाठक ने हरिहर तीर्थ के निर्माण कार्यों की विस्तार से जानकारी दी और स्थल का सघन निरीक्षण कराया।
निरीक्षण के दौरान हरिहर तीर्थ की आध्यात्मिक महिमा, सांस्कृतिक विरासत और भविष्य में इसके प्रभाव को लेकर गहन चर्चा हुई। विद्वानों ने निर्माण की गुणवत्ता, सौंदर्य और व्यवस्थाओं को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।
विधायक संजय पाठक ने बताया कि हरिहर तीर्थ का यह भव्य प्रकल्प न केवल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के कारण प्रसाद, फूल, परिवहन, होटल और अन्य सेवाओं से जुड़े हजारों लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
हरिहर तीर्थ की महिमा का बखान करते हुए उपस्थित विद्वानों ने इसे भविष्य का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र बताया और विधायक संजय पाठक की दूरदर्शी सोच व जनहितकारी प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
