कलेक्टर श्री तिवारी ने संबल योजनांतर्गत लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के दिये निर्देश
(कटनी) कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के सभी नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों में संबल योजना के अंतर्गत लंबित नवीन पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता के आवेदनों का त्वरित निराकरण के निर्देश दिये हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इससे संबंधित सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का भी संतुष्टिपूर्वक सुनिश्चित हो। कटनी जिले के अतंर्गत वर्तमान में 12 हजार 253 आवेदन पंजीयन के एवं 337 अनुग्रह सहायता के आवेदन निकाय स्तर पर निराकरण हेतु लंबित हैं। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता संबंधी प्राप्त आवेदनों पर 7 दिन में निराकरण किया जाना प्रावधानित है। कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा है कि संबल योजना अंतर्गत पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया को त्वरित निराकरण की दृष्टि से सुगम रखा गया है। आवेदनों का समयबद्ध निराकरण नहीं होंने के कारण नागरिकों में असंतोष की भावना उतपन्न होती है। जिसके कारण सी. एम. हेल्प लाईन अथवा शिकायत निवारण प्लेटफार्म पर शिकायतों की सँख्या में वृद्धि होती है। बड़वारा में सर्वाधिक आवेदन लंबितसंबल योजना के तहत जनपद पंचायत बड़वारा में सर्वाधिक 3 हजार 347 आवेदन लंबित है। जबकि जनपद पंचायत बहोरीबंद में 2 हजार 170, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में 775, जनपद पंचायत कटनी में 810, जनपद पंचायत रीठी में 487, जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में 2 हजार 948 आवेदन लंबित है। इसी प्रकार नगर निगम कटनी में 95, नगर परिषद बरही में 264, नगर परिषद कैमोर में 533, नगर परिषद विजयराघवगढ़ में 322 आवेदन लंबित है।
