कैमोर की बेटी ने रचा इतिहास: 10वीं बोर्ड में 97% अंक, मेरिट सूची में बनाई जगह

(कैमोर) कैमोर की प्रतिभाशाली छात्रा शनिज़ा अफ़रोज़ ख़ान ने CBSE बोर्ड की 10वीं परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे कैमोर और कटनी ज़िले का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खास बात यह रही कि उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय में 100 में से पूरे 100 अंक प्राप्त किए।

शनिज़ा वर्तमान में भोपाल स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत हैं। वे प्रसिद्ध उद्योगपति, समाजसेवी एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा कटनी के ज़िला अध्यक्ष इंजीनियर नवाब ख़ान की पुत्री हैं, जो इन दिनों भोपाल में निवास कर रहे हैं।

परिवार में शिक्षा का मजबूत माहौल देखने को मिलता है। शनिज़ा की बड़ी बहन MBBS प्रथम वर्ष की छात्रा हैं, जबकि उनके भाई नायाब 9वीं कक्षा में अध्ययनरत हैं और राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में स्कूल का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे पढ़ाई में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

शनिज़ा की सफलता के पीछे उनकी माता शबीना अफ़रोज़ का भी अहम योगदान रहा है, जो स्वयं इलेक्ट्रिकल इंजीनियर होते हुए भी गृहिणी के रूप में बच्चों की शिक्षा और मार्गदर्शन में पूरा समय देती हैं।

इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों ने परिवार को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। वहीं इंजीनियर नवाब ख़ान ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया है। शनिजा की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन गई है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें