मैहर शहर के 5 प्रमुख चौराहों व तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण

10 आंगनवाड़ी बनेंगी आधुनिक चाइल्ड-फ्रेंडली प्री-स्कूल कलेक्टर मैहर ने ली सीएसआर की बैठक

(मैहर)  जिले में समग्र विकास, शहरी सौंदर्यीकरण और बाल हितों को केंद्र में रखते हुए कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने बुधवार को जिला खनिज प्रतिष्ठान एवं कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी मद से संबंधित समीक्षा बैठक ली। इस मौके पर अपर कलेक्टर संजना जैन, एसडीएम मैहर दिव्या पटेल, डॉ. आरती सिंह, खनिज अधिकारी सतीश मिश्रा, आरटीओ संजय श्रीवास्तव, जनपद पंचायत के सीईओ, नगर पालिका सीएमओ सुषमा मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के सीएसआर प्रबंधक उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उसकी सौंदर्यता बढ़ाने की आवश्यकता है। इसी क्रम में औद्योगिक प्रतिष्ठानों के सीएसआर फंड के सहयोग से मैहर शहर के 5 प्रमुख चौराहों का व्यवस्थित विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इन चौराहों पर यातायात प्रबंधन को सुगम बनाने के साथ-साथ आधुनिक डिज़ाइन, हरित सज्जा, आकर्षक लाइटिंग एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं का समावेश किया जाएगा, जिससे शहर की पहचान और बेहतर हो सके। इसके साथ ही ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत जल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर के 3 तथा ग्रामीण क्षेत्रों के 3 तालाबों का जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण किए जाने का निर्णय लिया गया। इन तालाबों के विकास से न केवल जल संचयन क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल भी उपलब्ध होंगे। बाल विकास एवं प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगरपालिका मैहर अंतर्गत संचालित 60 आंगनवाड़ी केंद्रों में से प्रथम चरण में 10 केंद्रों को चाइल्ड-फ्रेंडली आकर्षण बढाकर उनहें प्री-स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इन केंद्रों में बच्चों के अनुकूल वातावरण, रंगीन कक्ष, खेल आधारित शिक्षण सामग्री, सुरक्षित परिसर एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। बैठक में आंगनवाडी प्री स्कूल के प्रोजेक्ट का प्रजेन्टेशन भी दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि जिला कार्यक्रम अधिकारी आंगनवाडी केन्द्रों की एनओसी जारी करें और प्रत्येक सीमेंट औद्योगिक प्रतिष्ठान 2-2 आंगनवाडी केन्द्र को विकसित करने का जिम्मा उठाये।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें