जिले के लिए 495 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया खाद की रैक झुकेही पहुंची
किसानों को ज़रूरत के मुताबिक मिलेगी पर्याप्त खाद
कलेक्टर श्री तिवारी ने ई-टोकन द्वारा ही खाद का वितरण कराने के दिये निर्देश
(कटनी) जायद फसलों के लिए यूरिया खाद की एक रैक झुकेही रैक प्वाइंट पर आ गई है। इससे कटनी जिले को 495 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया मिली है। झुकेही रैक प्वाइंट से परिवहन कर यूरिया जिले में लाई जा रही है। जिले में यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता है।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि जिले में बिना ई-टोकन के खाद का वितरण न हो। किसान की जमीन (खसरा नंबर) और बोई गई फसल के आधार पर खाद की मात्रा सॉफ्टवेयर द्वारा तय की जाएगी। इससे जरूरत से ज्यादा भंडारण या कालाबाजारी पर पूरी तरह लगाम लगेगी। किसान अब घर बैठे पोर्टल पर देख सकेंगे कि किस केंद्र पर कितना स्टॉक उपलब्ध है। किसान भाई अपनी सुविधा अनुसार प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां (PACS), डबल लॉक केंद्र और निजी विक्रेता। सशुल्क सेवा एमपी ऑनलाइन और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) केंद्रों पर जाकर ई-टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी सहकारी समिति या निजी विक्रेता बिना ई-टोकन के खाद का विक्रय करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जिले के समस्त कृषकों से अपील की गई है कि वे अपनी मिट्टी के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए केवल संतुलित उर्वरकों का ही उपयोग करें। अनावश्यक खाद का प्रयोग न केवल लागत बढ़ाता है, बल्कि भूमि की उर्वरक शक्ति को भी नुकसान पहुँचाता है।
रैक से आई नीम कोटेड यूरिया में से कटनी डबल लॉक केन्द्र को 150 मीट्रिक टन व बहोरीबंद डबल लॉक केन्द्र और मझगवां बड़वारा डबल लॉक केन्द्र के लिए 60-60 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया उर्वरक आवंटित की जायेगी। जबकि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कटनी को 200 मीट्रिक टन उर्वरक आवंटित की जायेगी।
