मंडी बोर्ड की बैठकें अब होंगी ऑनलाइन: समय और संसाधनों की होगी बचत

Advertisement

प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम के निर्देश, फिजिकल बैठकें स्थगित

(भोपाल) प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आहवान पर मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मंडी बोर्ड) भोपाल में आयोजित होने वाली समस्त बैठकें अब ऑनलाइन मोड में होंगी।

प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम ने निर्देश जारी किए हैं कि फिजिकली होने वाली सभी बैठकों को स्थगित कर दिया जाए। दूरस्थ अंचलों से भोपाल आने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इससे समय और संसाधनों की बचत सुनिश्चित होगी।

विभागीय जांच और पेशियां भी ऑनलाइन

मंडी बोर्ड में विभागीय जांच, शिकायत प्रकरण और अन्य मामलों में होने वाली पेशियों के लिए भी अधिकारियों-कर्मचारियों को भोपाल बुलाना बंद कर दिया गया है। अब ये कार्रवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन संपादित की जाएगी।

प्रबंध संचालक ने सभी आंचलिक अधिकारियों से अपील की है कि वे अपने अंचल में होने वाली सचिव मासिक बैठक और अन्य बैठकों को भी ऑनलाइन मोड में आयोजित करें।

दौरों पर रोक, केवल अति आवश्यक में स्वीकृति

अधिकारियों के दौरों के संबंध में निर्देश दिए गए हैं कि केवल अति आवश्यक परिस्थितियों में ही दौरे किए जाएं। इसके लिए सक्षम स्वीकृति प्रबंध संचालक से लेना अनिवार्य होगा। अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अधिकतम कार्यों का निष्पादन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही करें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *