मैहर वाली शारदा माता धाम से एक अनमोल चिंतन: भरोसे की कीमत और इंसानियत का बदलता रंग
(मैहर) दुनिया का सबसे सुंदर रिश्ता भरोसे पर टिका होता है। जब कोई व्यक्ति किसी पर आँख बंद करके विश्वास करता है, तो वह अपने दिल का सबसे कोमल हिस्सा उसके हवाले कर देता है। लेकिन आज के समय में यही भरोसा सबसे ज्यादा टूट रहा है। लोग स्वार्थ के लिए रिश्तों का उपयोग करते हैं, भावनाओं से खेलते हैं और जब मतलब पूरा हो जाता है, तब वही लोग बदल जाते हैं।
इसी कड़वे सत्य को रवींद्र सिंह मंजू सर मैहर की कलम से प्रस्तुत करते हुए कहती है कि भरोसा और विश्वास जीवन के सबसे महत्वपूर्ण आधार माने जाते हैं, लेकिन गलत व्यक्ति पर किया गया भरोसा इंसान को भीतर तक तोड़ देता है। “दुनिया धोखा देकर समझदार हो गई,और हम भरोसा करके गुनाहगार कहलाए।” अर्थात इन शब्दों में दर्द छिपा है जिसने रिश्तों को सच्चाई से निभाया, लेकिन बदले में उसे छल और तिरस्कार मिला।
आज की दुनिया में अक्सर चालाकी को समझदारी और सच्चाई को कमजोरी समझ लिया जाता है।जो लोग दूसरों की भावनाओं का फायदा उठाते हैं, वे समाज में सफल कहलाते हैं, जबकि दिल से रिश्ते निभाने वाले लोग कई बार अकेले पड़ जाते हैं। यही कारण है कि धोखा मिलने के बाद इंसान बदलता नहीं, बल्कि उसका भरोसा टूट जाता है।
“रंग छोड़ने वाले कपड़े और रंग बदलने वाले इंसान,चाहे कितने भी ब्रांडेड क्यों न हों, दिल से उतर ही जाते हैं।”यह तुलना अत्यंत सार्थक है। जैसे घटिया कपड़े कुछ समय बाद अपना रंग छोड़ देते हैं, वैसे ही स्वार्थी लोग समय आने पर अपना असली चेहरा दिखा देते हैं। बाहरी दिखावा, मीठी बातें और ऊँचा व्यक्तित्व हमेशा इंसान की सच्चाई नहीं बताते।व्यक्ति की असली पहचान उसके व्यवहार, निष्ठा और कठिन समय में साथ निभाने से होती है।
जो लोग परिस्थितियों के अनुसार अपना रंग बदलते हैं, वे कभी दिलों में स्थायी स्थान नहीं बना पाते। जीवन हमें यह सिखाता है कि हर किसी पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए, लेकिन इसका अर्थ यह भी नहीं कि हम इंसानियत छोड़ दें। सच्चे लोग आज भी मौजूद हैं, बस उन्हें पहचानने में समय लगता है। धोखा जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक अनुभव है जो हमें अधिक मजबूत और समझदार बनाता है। संघर्ष और विश्वास जीवन में व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
रवींद्र सिंह मंजू सर मैहर की कलम कहती है कि रिश्तों की खूबसूरती दिखावे में नहीं बल्कि सच्चाई और विश्वास में होती है। जो व्यक्ति दिल से जुड़ता है, वही हमेशा याद रहता है। इसलिए जीवन में ऐसे लोगों को महत्व दीजिए जो आपके चेहरे की मुस्कान नहीं, बल्कि आपके दिल की भावनाओं को समझते हों। क्योंकि टूटे हुए भरोसे की आवाज़ भले ही सुनाई न दे, लेकिन उसका दर्द जीवनभर महसूस होता है।
