कृषक कल्याण वर्ष के तहत कृषि रथों को दिखाई गई हरी झंडी
25 मई तक चलेगा व्यापक जनजागरूकता अभियान
(सतना) मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को ;कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में जिले में कृषि एवं संबद्ध विभागों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए 16 मई से 10 दिवसीय “कृषि रथ” अभियान का शुभारंभ शनिवार को किया गया।
इस अवसर पर विकासखंड सोहावल में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष कृष्णा पांडेय, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में कृषि रथ का शुभारंभ किया गया। इस दौरान रथ को ग्राम पंचायत खनगढ़ के लिए रवाना किया गया, जहां 58 किसानों ने भाग लिया।
इसी प्रकार विकासखण्ड रामपुर बघेलान में जनपद सदस्य भूपेन्द्र सिंह, सरपंच सम्पत सिंह, विकासखण्ड नागौद में कृषि समिति अध्यक्ष रामसेवक पाल, एसडीएम जितेन्द्र वर्मा, विकासखण्ड उचेहरा में मंडी सचिव, जनपद सदस्य तथा विकासखण्ड मझगवां में पंचायत प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों तथा कृषकों की उपस्थिति में कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह महत्वाकांक्षी अभियान जिले के प्रत्येक विकासखंड के अंतर्गत निर्धारित सभी ग्राम पंचायतों में पहुँचेगा।
कृषि रथ के माध्यम से किसानों को ई-विकास प्रणाली के तहत ई-टोकन उर्वरक वितरण, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कीट एवं रोग प्रबंधन, फसल विविधिकरण, पराली प्रबंधन तथा कृषि यंत्रीकरण संबंधी जानकारी दी जा रही है। साथ ही प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
