खरीदी के अंतिम दिनों में सभी एसडीएम उपार्जन केन्द्रों का सतत निरीक्षण करें
समय-सीमा प्रकरणों की बैठक संपन्न
(सतना) सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि गेहूं उपार्जन के अंतिम दिनों में सभी एसडीएम एवं उपार्जन कार्य से जुडे अधिकारी अपने क्षेत्र के उपार्जन केन्द्रों का सतत रूप से निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में फायर सेफ्टी आडिट कराये तथा एसडीएम और एसडीओपी संयुक्त रूप से पटाखा और विस्फोटक पदार्थ के भण्डारण की जांच करें।
इस मौके पर आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, एलआर जांगडे, सुभाष मिश्रा, राहुल सिलाडिया, सुमेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और पेयजल की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि मझगवां और उचेहरा के पहाडी अंचल के ग्रामों में पेयजल की स्थिति पर सतत नजर रखें। जहां शासकीय जल स्त्रोत से पेयजल ना मिल रहा हो वहां पास के किसी सक्रिय प्राइवेट बोर का चिन्हांकन कर लें, ताकि आवश्यकता पडने पर अधिग्रहण किया जा सके। कलेक्टर ने प्रत्येक विकासखण्ड में पीएचई की विभागीय मद के 5-5 हैण्डपम्प खनन के लक्ष्य को आवश्यकता के अनुसार एसडीएम के अनुमोदन पर ही हैण्डपम्प स्थापना के निर्देश दिये। कार्यपालन यंत्री ने बताया कि उरई चुवा, बाबूपुर, बांधी, मौहार में एक-एक हैण्डपम्प खनन किये जा रहे हैं।
गर्ल्स कॉलेज में पेयजल की उपलब्धता के लिए जनभागीदारी मद में जमा कालेज की डेढ करोड रूपये की राशि से हैण्डपम्प खनन कराने के निर्देश दिये। इसी प्रकार मेडीकल कॉलेज में पेयजल की सप्लाई हेतु डी.एम.एफ. से प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न विभागों में प्रभारी मंत्री जी के अनुमोदन और नामांकन से गठित की जाने वाली सभी समितियों का गठन पूर्ण कराये। अवैध रूप से खनिज, रेत परिवहन, उत्खनन को रोकने की कार्यवाही में कलेक्टर ने कहा कि जांच के लिए जाने वाले दल में राजस्व, पुलिस और खनिज निरीक्षक की संयुक्त टीम होनी चाहिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि ग्रेडिंग होने तक सभी विभाग अपनी ग्रेड में सुधार लाये। सभी विभाग ए श्रेणी में आने का प्रयास करें। जिला अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की सी ग्रेड होने पर कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं और जिला अस्पताल की व्यवस्था सेवाओं में सुधार लाने कोर टीम बनाये। सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने खोवा मंडी में एम्बुलेंस पार्किग बनाने और अस्पताल के मुख्य गेट पर अतिक्रमण और वाहनों की जाम की समस्या रेखांकित की।
जनगणना कार्य की समीक्षा में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने कहा कि सभी चार्ज अधिकारी मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का शत-प्रतिशत कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराये। यह गणना अनुमानित हाउस होल्ड से एक-दो प्रतिशत अधिक होनी चाहिए। कलेक्टर ने सतना-पन्ना नई रेल लाइन, सतना-रीवा रेल लाइन दोहरीकरण, एयरपोर्ट, राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएच पीडब्ल्यूडी, पावर ग्रिड, जल निगम, ब्रिज कारपोरेशन, एमपीआईडीसी, संबल योजना आदि की समन्वय के बिन्दुओं पर समीक्षा की।
कलेक्टर ने कहा कि शुक्रवार को मझगवां विकासखण्ड का भ्रमण कर मीजल्स, वैक्सीनेशन एवं सुपोषण की गतिविधियां चेक की जायेगी। जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा में कलेक्टर ने अभियान के कार्यो में ज्यादा से ज्यादा जनसहभागिता जोडने के निर्देश दिये।
