बरही में शराब माफियाओं का खुला खेल, एमआरपी से अधिक वसूली पर प्रशासन मौन
बरही। कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत विजयराघवगढ़ मार्ग, अमरपुर मार्ग एवं पिपरिया कला गांव में संचालित शराब दुकानों में खुलेआम एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। क्षेत्रीय जनता का कहना है कि शराब दुकानों में नियमों की धज्जियां उड़ाकर आम लोगों की जेब पर सीधा डाका डाला जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग मौन साधे हुए हैं।
पिपरिया कला सहित गांवों में अवैध पैकारियों का जाल, गांव-गांव पहुंच रहा नशे का कारोबार
शराब ठेकेदार द्वारा बरही नगर के अलावा पिपरिया कला सहित आसपास के कई गांवों में अवैध पैकारियां संचालित करवाई जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों तक फैले इस अवैध नेटवर्क के कारण सामाजिक अशांति, घरेलू विवाद और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति ने क्षेत्रीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
नगर के बीच शराब दुकानों में रोज बवाल, पूर्व में हुए मारपीट की घटना से दहशत में जनता
बरही नगर के मध्य संचालित शराब दुकानों के आसपास आए दिन लड़ाई-झगड़े, मारपीट और खून-खराबे जैसी घटनाएं सामने आ चुकी है जिसमें नगर के ही एक गुप्ता परिवार के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था उस वक्त भी पूरा मामला आंदोलन का रूप ले लिया था । स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में किसी बड़े हादसे या गंभीर वारदात से इनकार नहीं किया जा सकता।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं, क्या रसूखदारों के आगे बेबस है प्रशासन?
बरही पुलिस प्रशासन एवं आबकारी विभाग को कई बार शिकायतें दिए जाने के बावजूद शराब दुकानों की मनमानी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। इससे जनता के बीच यह सवाल गहराता जा रहा है कि आखिर शराब माफियाओं के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
विजयराघवगढ़ मार्ग शराब दुकान बना दुर्घटना का केंद्र, अव्यवस्था चरम पर
विजयराघवगढ़ मार्ग स्थित शराब दुकान के सामने बेतरतीब खड़े वाहन, मीट दुकानों की भीड़ और सड़क पर जाम की स्थिति किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रही है। बावजूद इसके मूल समस्या पर नियंत्रण के बजाय प्रशासन केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित दिखाई देता है।
जनता पर दोहरी मार! पहले ओवररेट शराब, फिर धारा 185 की कार्रवाई
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि एक ओर शराब दुकानों में एमआरपी से अधिक कीमत वसूली जाती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के तहत आम लोगों पर धारा 185 की कार्रवाई कर देती है। इससे जनता स्वयं को शोषण और कार्रवाई के दोहरे दबाव में महसूस कर रही है।
जनता का सवाल—प्रशासन शराब माफियाओं पर कार्रवाई करेगा या मौन धारण किया रहेगा
बहरहाल बरही, पिपरिया कला एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते अवैध शराब कारोबार को लेकर जनता अब निर्णायक कार्रवाई चाहती है। यदि समय रहते प्रशासन ने कठोर कदम नहीं उठाए, तो जनआक्रोश किसी बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।
✍️ नीरज तिवारी
RPKP INDIA NEWS
बरही
