कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने टीएल बैठक में दिए निर्देश: मानसून आने से पहले नगरीय निकाय अंतर्गत सभी बड़े नाले एवं नालियों की साफ सफाई कराना सुनिश्चित करें

सभी जनपद सीईओ, सीएमओ, ईई पीडब्लूडी जर्जर भवनों, पुरानी इमारतों का अवलोकन कर चिह्नित कर आवश्यक कार्यवाही करें

टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने निर्देशित किया कि जनपद सीईओ, सीएमओ एवं ईई पीडब्लूडी निरंतर भ्रमण कर उनके क्षेत्रों में आने वाले जर्जर भवन एवं पुराने भवनों का निरीक्षण कर चिह्नित करें एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु सम्बंधित को सूचित करें।

टीएल बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ से उनके कार्यक्षेत्र में चल रहे साफ सफाई कार्य की जानकारी ली एवं निर्देशित किया कि मानसून आने से पहले सभी बड़े नालों एवं नालियों की साफ सफाई कराएं, ऐसे क्षेत्र जहां पहले से बरसात में पानी भरने की समस्या आती है , वहां जलनिकासी के लिए समुचित व्यवस्थाएं रखें।

श्री श्रोत्रिय ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली एवं आवश्यक दिशानिर्देश दिए। साथ ही उन्होंने रबी उपार्जन के कार्य की भी समीक्षा की। श्री श्रोत्रिय ने कलेक्टर-कमिश्नर कान्फ्रेंस तथा ई-विकास पोर्टल पर किसानों के रजिस्ट्रेशन एवं प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये।

कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुये बॉटम में रहने वाले एवं सर्वाधिक लंबित शिकायतों वाले विभाग प्रमुखों को शिकायतों को शीघ्र निराकृत करने हेतु सख्त निर्देश दिये। साथ ही 50 दिवस से अधिक, 100 दिवस से अधिक एवं ग्रेडिंग माह की शिकायतें प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए।

इसी के साथ ही कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जल गंगा संवर्द्धन अभियान की समीक्षा कर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगरीय निकायों को निर्देश दिए कि अपने अपने कार्य क्षेत्र के खेत तालाब, डगवेल रिचार्ज, रैन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करें एवं समय पर कार्य पूर्ण कराएं।

बैठक में श्री श्रोत्रिय ने निर्माणाधीन मुक्तिधामो की प्रगति की जानकारी ली एवं सभी जनपद सीईओ से नियमित मॉनिटरिंग के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्री श्रोत्रिय ने हिट एंड रन के प्रकरणों की समीक्षा कर सीएमएचओ को निर्देश दिए कि प्राइवेट हॉस्पिटल मालिकों के साथ बैठक आयोजित कर ई-डार पोर्टल एवं हिट एंड रन प्रकरणों को गंभीरता से दर्ज कराने हेतु निर्देशित करें।

कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने उपसंचालक कृषि विभाग को निर्देश दिए कि ई विकास पोर्टल के बारे में अधिक से अधिक जानकारी किसानों तक पहुंचाये एवं फील्ड ऑफिसर के माध्यम से किसानों को पोर्टल से परिचित कराकर उन्हें खाद बुक करने एवं अन्य सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।

बैठक में श्री श्रोत्रिय ने न्यायालयवार राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए बंटवारा, नामांकन एवं सीमांकन के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कृषि विभाग अंतर्गत कृषि वर्ष 2026, पीएमडीडीकेवाई, क्षीरधारा योजना, फार्मर रजिस्ट्री, डीएमएफ/डीएटीसीसी की बैठक में दिए गए निर्देश, पीएमएवाई, कोर्ट प्रकरण, अवमानना प्रकरण तथा टीएल पत्रों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, एसडीएम बलदेवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा , एसडीएम जतारा संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अंजली शर्मा, निशांत भूरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ऊदल सिंह ठाकुर, पीओडूडा ओमपाल सिंह भदौरिया, जिला लोक सेवा प्रबंधक अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

✍️ शिवराज सिंह
RPKP INDIA NEWS
  खरगापुर(टीकमगढ़)

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें