कलेक्टर ने ललितांबा गौशाला का किया औचक निरीक्षण

व्यवस्थाएं और बेहतर करने के दिए निर्देश

(सतना) कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सतना डॉ. सतीश कुमार ने बुधवार को उचेहरा तहसील के ग्राम इचौल स्थित ललितांबा गौशाला का औचक निरीक्षण कर गौवंश के रख-रखाव एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चारा, पानी, शेड, साफ-सफाई तथा पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने गौशाला में संरक्षित निराश्रित गौवंश की स्थिति देखी तथा बीमार एवं कमजोर पशुओं के लिए किए गए विशेष प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने भूसा गोदाम और स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए दिन में कम से कम तीन बार ताजा पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। कलेक्टर ने आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए शेडों की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गौवंश की संख्या, टीकाकरण रजिस्टर, मृत्यु पंजी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने जनपद पंचायत अधिकारियों को हरे चारे की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने, पशु चिकित्सा विभाग को प्रत्येक 15 दिन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा परिसर में अधिक छायादार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से गौशाला संचालन में सहयोग एवं चारा दान करने की अपील भी की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुमेश द्विवेदी, तहसीलदार ज्योति पटेल, जनपद पंचायत उचेहरा के सीईओ ओपी अस्थाना, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, गौशाला व्यवस्थापक रविशंकर पाठक, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें