अभियानों की सफलता के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ कार्य करें : मुख्य सचिव
5 से 21 जून तक चलेंगे विशेष अभियान, पौधारोपण, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती और योग दिवस गतिविधियों की समीक्षा
मुख्य सचिव ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से इन अभियानों की शुरुआत होगी, जिसका समापन 21 जून को विश्व योग दिवस पर किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण किया जाए तथा प्रत्येक नगरीय निकाय में कम से कम 500 पौधे लगाए जाएं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में भी पौधारोपण कराया जाए। साथ ही शासकीय भवनों, विद्यालयों, छात्रावासों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जनकल्याण शिविरों में होगा योजनाओं के हितलाभ का वितरण
मुख्य सचिव ने कहा कि 12 से 18 जून तक सभी विकासखंड मुख्यालयों एवं नगरीय निकायों में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के छूटे हुए हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। साथ ही आमजन से प्राप्त आवेदनों, सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। शिविरों के साथ विकास प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा।
प्राकृतिक खेती और योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 19 एवं 20 जून को प्रत्येक जिले में कम से कम दो कार्यशालाएं आयोजित की जाएं। इनमें कृषि वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। योग दिवस में सहभागिता के लिए कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 18003157008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन करा सकता है।
जल संरक्षण कार्यों में लाएं तेजी
मुख्य सचिव ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पुराने जल स्रोतों की सफाई, रिचार्ज पिट निर्माण तथा रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों में तेजी लाई जाए। जल संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी केंद्र से कलेक्टर श्री विकास मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री प्रिया पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री धनंजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
