“एक पेड़ माँ के नाम”: विश्व पर्यावरण दिवस पर मानवाधिकार परिषद का पौधारोपण अभियान

(कटनी)  विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मानवाधिकार परिषद जिला एवं संभागीय पदाधिकारियों तथा महिला विंग के सदस्यों द्वारा कटनी के नदीपार मोड़ स्थित मुक्तिधाम परिसर में “एक पेड़ अपनी माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणादायी पहल से प्रेरित होकर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मानवाधिकार परिषद के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी उपस्थित रहे। उनके साथ संभागीय उपाध्यक्ष अधिवक्ता संजय जैन, संभागीय महिला विंग अध्यक्ष एवं समाजसेवी अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी, संभागीय कोषाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, अनुसूचित जनजातीय बालक छात्रावास अधीक्षक ए.के. मेहरा, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास अधीक्षक हेमंत अटल, जिला महासचिव दीपक कोटक, जिला उपाध्यक्ष प्रकाशचंद जैन, भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अजय माली एवं ब्रजेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों ने विभिन्न प्रकार के छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि रामकुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण कर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

संभागीय महिला विंग अध्यक्ष रेखा अंजू तिवारी ने कहा कि मुक्तिधाम जीवन की अंतिम सच्चाई का प्रतीक स्थल है। यहां पौधारोपण कर पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण का निर्माण करना हम सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम का सफल संचालन मानवाधिकार परिषद के जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने किया। इस अवसर पर शासकीय शिक्षिका डॉ. उर्मिला साई प्रीत, समाजसेवी लता खरे, महिला विंग जिला उपाध्यक्ष दुर्गा तोमर, नन्ही बेटी तेजस्वी लक्ष्मी रजक तथा युवा सदस्य दुर्गेश सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में संभागीय उपाध्यक्ष संजय जैन ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा उपस्थित जनों को शीतल पेयजल वितरित किया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें