सड़क विकास निगम एवं भवन विकास निगम के कार्यों की कलेक्‍टर ने की समीक्षा

(जबलपुर) कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने आज शुक्रवार को आयोजित बैठक में मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम एवं मध्य प्रदेश भवन विकास निगम द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की। कलेक्‍टर कार्यालय में संपन्‍न हुई इस बैठक में बताया गया कि स्कूल शिक्षा, उच्‍च शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनजाति कार्य विभाग के अंतर्गत स्‍वीकृत 21 कार्यों में से 12 कार्य प्रगति पर हैं और 4 कार्य पूर्ण हो चुके हैं।

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में शहपुरा रेल ओवर ब्रिज के सुधार कार्य पर चर्चा करते हुए मध्‍यप्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारियों को इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुल की मरम्‍मत के साथ परिवर्तित मार्ग की सड़कों का डामलीकरण कराने भी निर्देशित किया।

स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि नए शिक्षा सत्र को देखते हुए जो भवन निर्माण पूर्ण होने की स्थिति में हैं उन्हें जल्द ही पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सांदीपनि‍ विद्यालय भवनों के साथ पहुंच मार्ग, खेल मैदान आदि कार्य भी समानांतर रूप से कराया जाये।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें