मैहर जनपद पंचायत के जनकल्याण शिविर में मिले 892 आवेदन
746 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
(मैहर) जनपद पंचायत मैहर के प्रांगण में शुक्रवार को आयोजित जनकल्याण शिविर में शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रम के हितलाभ तथा समस्याओं से संबंधित 892 कुल आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से 746 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष 146 आवेदनों का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित किया जायेगा।
कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी की उपस्थिति आयोजित जनकल्याण शिविर में जनपद अध्यक्ष श्रीमती आकाश विनोद लोधी, उपाध्यक्ष विकास त्रिपाठी, जनपद दीपक सिंह, कामता प्रसाद शुक्ला, सुदामा साकेत, एसडीएम दिव्या पटेल, सीईओ अशोक तिवारी सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं सरपंच गण उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने इस अवसर पर कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों में पात्र हितग्राहियों के चिन्हांकन और लाभ स्वीकृत करने का कार्य इन शिविरों में किया जा रहा है। सभी संबंधित पंचायत प्रतिनिधि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं और कार्यक्रमों के लाभ से लाभांवित करने के कार्य में जागरूक रहकर सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर में सभी अनुविभाग और विकासखण्ड स्तरीय विभाग प्रमुखों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। जनकल्याण शिविरों में संबंधित विभाग की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाकर संबंधित अधिकारी पर अनुशानात्मक कार्यवाही भी अमल में लाई जायेगी। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी शिविर में उपस्थित रहकर अपने विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे तथा पात्र हितग्राहियों को चिन्हांकित कर लाभ प्रदान किया जाना सुनिश्चित करें।
