श्रद्धालुओं की उमड़ रही भीड़: माता दरबार में असाध्य रोगों से मुक्ति और मन्नतें पूरी होने का दावा
(पन्ना) जिले के कटारिया ग्राम में प्रत्येक शुक्रवार को लगने वाला माता का दरबार इन दिनों क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के लिए गहरी आस्था और चमत्कार का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, ग्राम कटारिया निवासी श्रीमती शकुंतला यादव (45 वर्ष), पत्नी श्री बैजनाथ यादव, द्वारा प्रति शुक्रवार को विशेष दरबार का आयोजन किया जाता है। इस दरबार में पन्ना सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग अपनी मन्नतें और परेशानियां लेकर पहुंच रहे हैं।
कैंसर और लकवा जैसे रोगों में आराम का दावा
दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं का अटूट विश्वास है कि यहाँ सच्चे भाव से हाजिरी लगाने पर कैंसर, लकवा जैसी गंभीर बीमारियों से राहत मिलती है और निःसंतान महिलाओं की सूनी गोद भरती है। इस संबंध में पन्ना निवासी जलज श्रीवास्तव ने बताया कि उनके मित्र को एक ‘कैंसरनुमा ट्यूमर’ था, जिसमें इस दरबार में आने के बाद अप्रत्याशित सुधार देखने को मिला है।इसी तरह का एक अन्य मामला छतरपुर जिले से सामने आया है। वहाँ की एक महिला विगत 8 वर्षों से लकवा (पैरालिसिस) के कारण पूरी तरह बिस्तर पर थीं और उनकी आवाज भी चली गई थी। दरबार की कृपा से अब महिला के स्वास्थ्य में भारी सुधार है और वे बोलने व चलने-फिरने में सक्षम हो रही हैं।

नौ दिवसीय अनुष्ठान के बाद विशाल भंडारा
इस चमत्कारिक लाभ और मन्नत पूरी होने की खुशी में छतरपुर निवासी पीड़ित परिवार द्वारा कटारिया में नौ दिवसीय विशेष दुर्गा पाठ का आयोजन किया गया था। अनुष्ठान के सफल समापन पर आज शुक्रवार को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुँचकर माता का आशीर्वाद लिया और प्रसादी ग्रहण की। दरबार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अब हर शुक्रवार को यहाँ का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आता है।
✍️ राम बिहारी गोस्वामी
RPKP INDIA NEWS
पन्ना
