राहुल गांधी जी के जन्मदिवस पर चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
(भोपाल) जननायक एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा भोपाल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर शिविर का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सहभागिता कर उपस्थित युवाओं एवं कांग्रेसजनों के बीच मिठाई वितरित की तथा राहुल गांधी जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी देश में संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं तथा युवाओं और आमजन के अधिकारों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहे हैं।

श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है और इसी भावना के साथ राहुल गांधी जी के जन्मदिवस को सेवा एवं समर्पण दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री पी सी शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष महेन्द्र जोशी, डॉ विक्रम चौधरी, कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला, चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र धाकड़ तथा युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित खत्री सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र धाकड़ ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाते हुए चिकित्सा प्रकोष्ठ भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों ने राहुल गांधी जी के स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए जनसेवा के संकल्प को दोहराया।

