योग दिवस पर लोकभवन में गूंजा ‘ॐ’, राज्यपाल बोले- योग से बदल सकता है जीवन
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास, प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
भोपाल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को लोकभवन में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, वहीं राज्यपाल मंगुभाई पटेल का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपने संदेश में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Aging” बढ़ती उम्र में भी लोगों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर बनाए रखने का संदेश देती है।
राज्यपाल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का वैज्ञानिक माध्यम है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी ने यह साबित किया है कि स्वस्थ जीवन ही सबसे बड़ी पूंजी है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में योग एवं आयुर्वेद आधारित वेलनेस सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं और विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में योग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान योग गुरु राजीव जैन त्रिलोकी को सम्मानित किया गया। योग सत्र की शुरुआत प्रार्थना और ओंकार उच्चारण से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
योगाभ्यास में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शलभासन, मकरासन, सेतुबंधासन और पवनमुक्तासन जैसे आसनों का अभ्यास कराया गया। वहीं कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से श्वसन क्षमता और मानसिक संतुलन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
करीब 50 मिनट तक चले इस योग सत्र का समापन ध्यान और शांति पाठ के साथ हुआ। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
राज्यपाल श्री पटेल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि प्रतिदिन 20 से 30 मिनट योग कर स्वस्थ और संतुलित जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

