कटनी में अदाणी सीमेंट बिजनेस और अदाणी फाउंडेशन का विशाल रक्तदान शिविर, 613 यूनिट रक्तदान से बना नया जिला रिकॉर्ड
कैमोर/कटनी। अदाणी सीमेंट बिजनेस एवं अदाणी फाउंडेशन द्वारा कैमोर और अमेहटा सीमेंट वर्क्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 613 यूनिट रक्तदान कर कटनी जिले में नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रक्तदान शिविर का शुभारंभ कैमोर सीमेंट बिजनेस के चीफ प्लांट मैनेजर सुदीप्ता मंडल, कैमोर नगर परिषद अध्यक्षा पलक नमित ग्रोवर, लेडीज क्लब अध्यक्षा मोमिता मंडल, अमेहटा प्लांट हेड मोहन सिंह राठौर, क्लस्टर एचआर हेड दिनेश पाठक, ओएचसी हेड डॉ. शोमा श्रीवास्तव, सीएसआर क्लस्टर हेड ऐनेट एफ. बिश्वाश, अमेहटा एचआर हेड नितिन बत्रा एवं ओएचसी इंचार्ज डॉ. महेश बिश्नोई की उपस्थिति में किया गया।

बड़ी संख्या में लोगों ने किया रक्तदान
शिविर में कैमोर और अमेहटा प्लांट प्रबंधन, इंटक एवं बीएमएस यूनियन, कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों, कैमोर नगर परिषद, आसपास के ग्रामों के सरपंचों, गणमान्य नागरिकों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कुल 613 यूनिट रक्तदान कर कटनी जिले में एक नया रिकॉर्ड बनाया गया।

स्वास्थ्य जांच के बाद कराया गया रक्तदान
रक्तदान से पहले सभी दाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। रक्तदान के बाद सभी रक्तदाताओं को ऊर्जा पेय एवं जलपान उपलब्ध कराया गया।

हेलमेट देकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
रक्तदाताओं को अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी के हस्ताक्षरयुक्त प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही उपहार स्वरूप क्रैश हेलमेट, पानी की बोतल अथवा छाता भेंट किया गया।

प्रत्येक रक्तदाता को हेलमेट देकर यह संदेश दिया गया कि जैसे रक्तदान किसी का जीवन बचाता है, उसी प्रकार सड़क सुरक्षा भी अनमोल जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

समाज सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
अदाणी सीमेंट बिजनेस के चीफ प्लांट मैनेजर सुदीप्ता मंडल ने कहा कि 613 लोगों द्वारा रक्तदान करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अदाणी फाउंडेशन हमेशा समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है और इस शिविर में लोगों की भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि जब समाज एकजुट होता है तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
उन्होंने सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों, ब्लड बैंक टीम एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

युवाओं और महिलाओं ने दिखाई सामाजिक जिम्मेदारी
शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने भी रक्तदान किया। प्रतिभागियों ने इसे मानवता की सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का माध्यम बताया। इस आयोजन से क्षेत्र में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरणा मिली।

सभी सहयोगियों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
इस सफल आयोजन में प्लांट ओएचसी, एचआर विभाग, अदाणी फाउंडेशन, अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर, इंटक एवं बीएमएस यूनियन, कटनी ब्लड बैंक, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा राहत समर्पण सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
✍️ (संतोष प्रसाद तिवारी)
RPKP INDIA NEWS
कैमोर

