कैमोर नगर के खलवारा बाजार में संचालित शराब दुकान पर बढ़ा विरोध, कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
(विजयराघवगढ़) कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कैमोर नगर के खलवारा बाजार में संचालित शराब दुकान को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। महिला मार्केट के बीच संचालित इस शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर दुकान नहीं हटाई गई तो महिलाओं के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
बता दें कि कैमोर नगर का खलवारा बाजार नगर का प्रमुख और एकमात्र बड़ा व्यापारिक केंद्र माना जाता है। यहां महिलाओं एवं बच्चों के उपयोग की अधिकांश दुकानें संचालित होने के कारण स्थानीय लोग इसे “महिला मार्केट” के नाम से जानते हैं। प्रतिदिन सैकड़ों महिलाएं अपने परिवार के साथ यहां खरीदारी करने पहुंचती हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि वर्ष 2025-26 से खलवारा बाजार स्थित महिला मार्केट में शराब दुकान का संचालन शुरू किया गया, जिसके बाद से लगातार विरोध की स्थिति बनी हुई है। व्यापारियों और आम नागरिकों का कहना है कि शराब दुकान खुलने से बाजार का वातावरण दूषित हो रहा है तथा महिलाओं और परिवारों को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि शराब दुकान को हटाने के लिए कई बार जिला प्रशासन से लेकर प्रदेश शासन तक शिकायतें और ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में विजयराघवगढ़ विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी रहे नीरज सिंह बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय प्रशासन को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग की।
वही इस सम्बन्ध में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह बघेल द्वारा कहा गया कि यह केवल कांग्रेस का नहीं बल्कि कैमोर नगर की माताओं-बहनों, व्यापारियों और आम नागरिकों की भावना से जुड़ा विषय है। यदि एक सप्ताह के भीतर शराब दुकान नहीं हटाई गई तो महिलाओं के साथ मिलकर बड़ा धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन किया जाएगा।”
गौरतलब है कि ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। वहीं राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को लेकर भी चर्चाएं देखने को मिलीं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि जनहित और महिला सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए सभी दलों के जनप्रतिनिधियों को इस मामले में आगे आकर जनता की आवाज बनना चाहिए।
इस दौरान कांग्रेस नेता नीरज सिंह बघेल, सिंगौड़ी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता शरद द्विवेदी, शैलेन्द्र शुक्ला, शक्ति तिवारी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
अब देखना होगा कि कैमोर नगर के खलवारा बाजार में संचालित शराब दुकान को लेकर उठ रहे विरोध और जनभावनाओं के बीच प्रशासन क्या निर्णय लेता है। फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
✍️ नीरज तिवारी
RPKP INDIA NEWS
बरही
