नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, भोपाल में हुई समीक्षा बैठक
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विधानसभा एवं जिला प्रभारियों के साथ बनाई चुनावी रणनीति
(भोपाल) आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय भोपाल में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने की। इस दौरान प्रदेशभर से आए विधानसभा एवं जिला प्रभारियों के साथ चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती तथा आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई तथा जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी नगरीय निकाय चुनावों में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। बैठक में चुनावी प्रबंधन, समन्वय, प्रचार-प्रसार की रणनीति तथा संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्रदेश नेतृत्व ने सभी प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने का आग्रह किया। बैठक को आगामी चुनावों की दृष्टि से कांग्रेस की रणनीतिक तैयारी का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
✍️ संतोष प्रसाद तिवारी
RPKP INDIA NEWS
कैमोर
