करंट की चपेट में आने से दो गायों की मौत, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

खितौली सबस्टेशन में एक माह से लाइनमैन का पद खाली, ग्रामीणों में आक्रोश

(बरही/खितौली) कटनी जिला अंतर्गत बरही तहसील अंतर्गत ग्राम खितौली में सरकारी बगीचे के पास लगे ट्रांसफार्मर के खंभों में करंट उतर आने से दो गायों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का आरोप है कि समय रहते विद्युत व्यवस्था की निगरानी और रखरखाव किया जाता तो इस प्रकार की घटना टाली जा सकती थी।

ग्रामीणों के अनुसार सरकारी बगीचे के समीप स्थित ट्रांसफार्मर के खंभों में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई और विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाए जाने लगे।

बताया जाता है कि खितौली में विद्युत सबस्टेशन होने के बावजूद पिछले एक माह से यहां कोई लाइनमैन पदस्थ नहीं है। इस संबंध में जब संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि लाइनमैन की मांग पहले ही विभाग को भेजी जा चुकी है तथा आगामी तीन-चार दिनों में लाइनमैन की नियुक्ति होने की संभावना है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

✍️ मनोज कुमार तिवारी
  RPKP INDIA NEWS
               खितौली

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें