जानलेवा फ्लाई ऐश की चपेट में कैमोर, गुड़गड़ौहाँ मार्ग पर लापरवाही से उड़ रही जहरीली धूल
फँसे ट्रक की रिकवरी के दौरान सड़क पर बिखरा फ्लाई ऐश, वाहनों की आवाजाही से वातावरण हुआ प्रदूषित; नागरिकों के स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा
(कैमोर) कैमोर क्षेत्र के गुड़गड़ौहाँ मार्ग पर फ्लाई ऐश परिवहन में बरती गई लापरवाही आम नागरिकों के लिए गंभीर खतरा बन गई है। जानकारी के अनुसार फ्लाई ऐश से भरा एक ट्रक मार्ग में फँस गया था, जिसकी रिकवरी के दौरान बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश सड़क पर बिखर गया। रिकवरी कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर फैले फ्लाई ऐश को हटाने की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई, जिससे अब यह हवा में उड़कर पूरे क्षेत्र के वातावरण को प्रदूषित कर रहा है।

सड़क पर लगातार चल रहे भारी एवं हल्के वाहनों के कारण फ्लाई ऐश के महीन कण हवा में घुल रहे हैं और राहगीरों सहित आसपास के नागरिकों के फेफड़ों तक पहुँच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क से गुजरते समय धूल का घना गुबार उठता है, जिससे सांस लेने में परेशानी हो रही है तथा आंखों में जलन की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार फ्लाई ऐश के सूक्ष्म कण लंबे समय तक शरीर में जाने पर श्वसन संबंधी रोग, फेफड़ों में संक्रमण, एलर्जी तथा अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। ऐसे में सड़क पर फैले फ्लाई ऐश को तत्काल हटाना और पानी का छिड़काव कर धूल को नियंत्रित करना आवश्यक है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क पर फैले फ्लाई ऐश की तत्काल सफाई कराई जाए तथा फ्लाई ऐश परिवहन करने वाली कंपनियों की जवाबदेही तय करते हुए लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट का रूप ले सकती है।
