मां पीतांबरा के चरणों में पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की की कामना
दतिया में दर्शन-पूजन के बाद जिला अध्यक्ष एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर किया मंथन
(दतिया) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने दतिया पहुंचकर मां पीतांबरा मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान उन्होंने प्रदेश के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण की मंगल कामना भी की।

दर्शन-पूजन के उपरांत डॉ. महेन्द्र सिंह ने भाजपा की आगामी संगठनात्मक एवं जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा एवं पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
