जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला में डीसीएचबी 2027 पर हुआ गहन प्रशिक्षण
(सतना) कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी सतना डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देशन में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला आगामी जनगणना 2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) के संबंध में आयोजित की गई, जिसमें संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट कार्यालय के द्वितीय तल स्थित सभाकक्ष में प्रातः 10 बजे से किया गया।
कार्यशाला में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर (चार्ज अधिकारी) विकास सिंह, मणिराज बगारी, तहसील कोटर के नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, भोपाल से आए मास्टर ट्रेनर उमेशचंद्र कुशवाहा, जनगणना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह सहित अनुराग सिंह बघेल, रितिक बर्मन, अखिल सिंह बघेल एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका 2027 के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। इसमें डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन एवं संधारण, रिपोर्ट तैयार करने की विधि तथा आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रतिभागियों को व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए कार्य की बारीकियों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनगणना से संबंधित कार्यों को पूर्ण सावधानी, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किया जाए, ताकि जिले की जनगणना प्रक्रिया त्रुटिरहित एवं प्रभावी रूप से पूर्ण हो सके।
साथ ही यह भी बताया गया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका जिले के सामाजिक-आर्थिक विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला होती है, इसलिए इसकी गुणवत्ता एवं सटीकता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। प्रशिक्षण 13 जुलाई से 23 जुलाई तक चलेगा।
